Aaj Ka Mausam 08 November 2026: आगामी दिनों में देश के कई राज्यों में मौसमी बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का सिलसिला बना रहेगा। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की आशंका है। दूसरी ओर, 10 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने पर उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य इलाकों में बारिश होने के आसार हैं।
वहीं मैदानी राज्यों दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 11 से 13 नवंबर के बीच बादल बरस सकते हैं। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है। बंगाल की खाड़ी, असम और अरब सागर के आसपास विकसित मौसमी सिस्टम इन गतिविधियों को बढ़ावा दे सकते हैं।
दिल्ली-हरियाणा में बदल सकता है मौसम का मिजाज
पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम करवट ले सकता है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 से 13 नवंबर के बीच दिल्ली-NCR, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इन राज्यों में बड़े पैमाने पर वर्षा के संकेत नहीं हैं, लेकिन बादलों की आवाजाही और बारिश से मौसम का मिजाज बदल सकता है। दिल्ली-NCR में बारिश के बाद तापमान में उतार-चढ़ाव आने के साथ ठंड का अहसास बढ़ने की भी संभावना है।
दक्षिण भारत में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश और खराब मौसम का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 नवंबर तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है, जबकि 10 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी वर्षा के आसार हैं। केरल और माहे में 8 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। केरल में 13 नवंबर तक वर्षा का सिलसिला बने रहने का अनुमान है। लक्षद्वीप में भी 8 नवंबर से बारिश शुरू होकर अगले पांच दिनों तक जारी रह सकती है।
इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर के बीच बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 8 और 9 नवंबर को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तेलंगाना में भी 7 और 8 नवंबर को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। वहीं, कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में 8 से 13 नवंबर के बीच अलग-अलग दिनों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।