Aaj Ka Mausam, 4 August 2026: देश के कई राज्यों में बारिश की वजह से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। असम, गुजरात में बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। असम में हजारों की संख्या में लोगों को अपना घर छोड़ कर पलायन करना पड़ा है। बारिश के इस कहर के बीच मौसम विभाग ने एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, आज यानी 4 अगस्त को देश के 19 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
4 अगस्त को मौसम विभाग ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार और उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे जलभराव, यातायात बाधित होने और अन्य मौसम संबंधी परेशानियों का खतरा बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 4 से 6 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 4 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए सुबह, दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। वहीं 5 और 6 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने और तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी मानसून सक्रिय रहेगा। पश्चिमी यूपी में 4 से 6 अगस्त और पूर्वी यूपी में 4 से 7 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दोनों क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक मानसून का असर तेज बना रहेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 4 से 9 अगस्त के दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश और कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे पहाड़ी और निचले इलाकों में जलभराव तथा भूस्खलन का खतरा बना रहेगा। वहीं उत्तराखंड में भी 4 से 9 अगस्त तक व्यापक बारिश और कई जगहों पर भारी वर्षा का अनुमान है। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बिजली चमकने की चेतावनी के साथ 4 अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों के निचले एवं जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी जताया गया है। लोगों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।