Aaj Ka Mausam 3 October 2026: मानसून की विदाई के बीच देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 अक्टूबर को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देश के 15 राज्यों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना जताई गई है। पूर्वी भारत में भी बारिश का दौर तेज हो सकता है, जबकि पहाड़ी राज्यों के लिए भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। ऐसे में इन क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को निकलने से पहले मौसम का ताजा अपडेट जरूर देखना चाहिए। समुद्री इलाकों में मछुआरों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसानों को खराब मौसम के दौरान खुले में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने 3 अक्टूबर को देश के 15 राज्यों में खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके तहत दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और नागालैंड में तेज बारिश और आंधी आने की आशंका जताई गई है। इस दौरान कई जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जानें कैसा रहेगा दिल्ली और यूपी का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 3 से 4 अक्टूबर के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उधर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 अक्टूबर की शाम से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिसमें गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर और बस्ती में भारी बारिश के आसार हैं। उत्तराखंड में आज कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि 5 से 8 अक्टूबर के बीच भी कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं, 7 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 5 से 8 अक्टूबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मौसम में होगा बदलाव
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 अक्टूबर को उत्तराखंड के बड़े हिस्से में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई इलाकों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। वहीं, 6 और 7 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।