Nusrat Fateh Ali Khan Song:नुसरत फतेह अली खान का नाम संगीत की दुनिया में बड़े सम्मान के साथ लिया जाता है। उनकी आवाज में ऐसा जादू था कि भारत और पाकिस्तान ही नहीं, दुनियाभर में उनके चाहने वाले मौजूद हैं। उन्होंने अपनी गायकी से कई ऐसे गाने दिए, जिन्हें आज भी लोग बड़े शौक से सुनते हैं। उनके गानों की खास बात यह थी कि उनमें इश्क, जुदाई और दर्द का एहसास बेहद खूबसूरती से झलकता था। दिलचस्प बात यह है कि उनके कई लोकप्रिय गानों को बॉलीवुड ने नए अंदाज में पेश किया।
ऐसा ही एक गाना है 'सानु एक पल चैन ना आवे', जिसे नुसरत फतेह अली खान ने दर्दभरे अंदाज में गाया था, लेकिन बाद में उनके भतीजे राहत फतेह अली खान ने इसी गाने को रोमांटिक अंदाज में गाकर खूब लोकप्रियता हासिल की।
नुसरत फतेह अली खान का गाना 'सानु एक पल चैन ना आवे' साल 2000 में रिलीज हुआ था। यह उनकी एल्बम 'बोले अली बोलो' का हिस्सा था। इस पंजाबी गाने को सूफी और कव्वाली के अंदाज में तैयार किया गया था। इसके कंपोजर और लिरिसिस्ट भी नुसरत फतेह अली खान ही थे। गाने में प्यार की बेचैनी, जुदाई और महबूब से दूर रहने का दर्द बयां किया गया था। इसकी खासियत नुसरत साहब की आवाज और गाने की भावनात्मक प्रस्तुति थी। यही वजह है कि रिलीज के इतने साल बाद भी यह गाना संगीत प्रेमियों के बीच पसंद किया जाता है।
18 साल बाद बॉलीवुड ने दिया रोमांटिक अंदाज
नुसरत फतेह अली खान के इस लोकप्रिय गाने को बॉलीवुड ने साल 2018 में एक नए अंदाज में पेश किया। फिल्म 'रेड' में इस गाने का रीक्रिएटेड वर्जन 'सानु एक पल चैन' नाम से रिलीज हुआ। इसमें राहत फतेह अली खान ने अपनी आवाज दी थी।इस गाने को तनिष्क बागची ने कंपोज किया, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे थे। गाने में अजय देवगन और इलियाना डीक्रूज की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिली। 12 फरवरी 2018 को रिलीज हुए इस गाने को वैलेंटाइन डे के मौके पर भी खूब पसंद किया गया।
राहत फतेह अली खान की आवाज ने जीता दिल
नुसरत फतेह अली खान के भतीजे राहत फतेह अली खान ने इस गाने को अपनी अलग गायकी और रोमांटिक अंदाज से नया रंग दिया। जहां मूल पंजाबी गाने में इश्क की तड़प और जुदाई का दर्द था, वहीं फिल्म 'रेड' के वर्जन में प्यार और रोमांस का एहसास ज्यादा नजर आया। दोनों गानों की अपनी अलग पहचान है। नुसरत फतेह अली खान के मूल गाने में सूफियाना अंदाज और दर्द की गहराई सुनने को मिलती है, जबकि राहत फतेह अली खान के वर्जन ने इसे नई पीढ़ी के बीच भी लोकप्रिय बना दिया। यही वजह है कि 'सानु एक पल चैन ना आवे' आज भी संगीत प्रेमियों के लिए एक खास गाना बना हुआ है।
Also read: वही मुस्कान और वही जोश...हेल्थ ब्रेक के बाद KBC के मंच पर लौटे अमिताभ बच्चन, बिग बी को देख खिल उठा फैंस का चेहरा