NCPSP MPs To Meet PM Modi: संसद के मानसून सत्र के आखिरी सप्ताह की शुरुआत के बीच सोमवार को NCP (शरदचंद्र पवार) के आठ लोकसभा सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक करीब 30 मिनट चली। पार्टी ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है। हालांकि, संसद में डिलिमिटेशन और FCRA बिल जैसे महत्वपूर्ण विधेयकों पर केंद्र सरकार को विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत है, इसलिए इस मुलाकात को राजनीतिक तौर पर भी अहम माना जा रहा है। बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े कई स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में सुरेश म्हात्रे, भास्कर भगारे, अमर शरद राव काले, अमोल कोल्हे, निलेश ज्ञानदेव लंके, बजरंग मनोहर सोनवणे, धैर्यशील मोहिते पाटील और सुप्रिया सुले शामिल थे।
महाराष्ट्र के कई मुद्दे उठाए
सूत्रों के मुताबिक, बीड से सांसद बजरंग सोनवणे ने सोलापुर के उज्जनी बांध का पानी बीड जिले को उपलब्ध कराने की मांग उठाई। वहीं अमर शरद राव काले ने नासिक-पुणे रेलवे लाइन से जुड़े विवाद का मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने रखा। भिवंडी से सांसद सुरेश म्हात्रे ने नवी मुंबई एयरपोर्ट का नाम भूमिपुत्र डीबी पाटील के नाम पर रखने की मांग की। बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
डिलिमिटेशन बिल पर NCP-SP का रुख अहम
NCP-SP की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पहले ही डिलिमिटेशन बिल को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि अगर नए प्रस्ताव में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान तरीके से बढ़ोतरी का प्रावधान होता है, तो उनकी पार्टी बिल पर विचार कर सकती है। सुले ने यह भी कहा था कि अगर लोकसभा की कुल सीटों में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी का प्रावधान शामिल किया जाता है, तो NCP-SP डिलिमिटेशन बिल का समर्थन करने पर विचार कर सकती है। हालांकि, उन्होंने NCP-SP के NDA में शामिल होने की खबरों को खारिज किया था।
कांग्रेस ने रखी थी अपनी बात
NCP-SP की मुलाकात से पहले कांग्रेस ने शरद पवार गुट से डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर INDIA गठबंधन की स्पष्ट स्थिति प्रधानमंत्री के सामने रखने की अपील की थी। बता दें कि संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ है और 13 अगस्त को समाप्त होगा। ऐसे में सत्र के आखिरी दिनों में NCP-SP सांसदों और प्रधानमंत्री की यह मुलाकात राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Also read: Jharkhand Student Protest: रांची विधानसभा की ओर बढ़ रहे छात्र, पार किए 3 बैरिकेड्स; साथ देने पहुंचे देवेंद्र महतो