EPFO Alert: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ने अपने करोड़ों सदस्यों को ऑनलाइन फ्रॉड से सावधान रहने की सलाह दी है। EPFO ने कहा है कि PF से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करते समय किसी भी फर्जी लिंक, वेबसाइट, मैसेज या ईमेल पर क्लिक न करें। थोड़ी सी लापरवाही से लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी साइबर अपराधियों के हाथ लग सकती है। EPFO ने 9 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर सदस्यों को सावधान किया। संगठन ने कहा कि किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले अच्छी तरह जांच करें, फर्जी लिंक से बचें और अपनी निजी जानकारी को सुरक्षित रखें।
फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करते हैं साइबर अपराधी
आजकल PF से जुड़ी कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ऐसे में लोग UAN, PF बैलेंस, क्लेम और दूसरी सेवाओं के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी का फायदा साइबर अपराधी उठा रहे हैं। ठग ऐसी फर्जी वेबसाइट और लिंक तैयार करते हैं, जो देखने में EPFO की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती हैं। इसके बाद SMS, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए लोगों को लिंक भेजे जाते हैं। लिंक खोलने के बाद यूजर से UAN, आधार, PAN, बैंक अकाउंट या OTP जैसी संवेदनशील जानकारी मांगी जा सकती है।
EPFO ने साफ कहा है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। खासकर ऐसे लिंक से सावधान रहें, जो SMS, WhatsApp, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए भेजे गए हों।
EPFO ने बताए 6 जरूरी नियम
पहला, PF से जुड़ी सेवाओं के लिए केवल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल करें।
दूसरा, SMS, सोशल मीडिया या ईमेल से मिले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
तीसरा, UAN, PPO, पासवर्ड, आधार, PAN, बैंक डिटेल या OTP किसी अनजान वेबसाइट पर बिल्कुल शेयर न करें।
चौथा, लॉगिन करने से पहले वेबसाइट का URL ध्यान से जांचें। वेबसाइट के नाम की स्पेलिंग और डोमेन में किसी भी तरह का बदलाव दिखे तो सावधान हो जाएं।
पांचवां, किसी संदिग्ध वेबसाइट, मैसेज या फिशिंग की कोशिश की जानकारी EPFO के आधिकारिक हेल्पलाइन या साइबर क्राइम रिपोर्टिंग सिस्टम को दें।
छठा, EPFO फोन कॉल, SMS, WhatsApp, सोशल मीडिया या ईमेल के जरिए OTP, पासवर्ड या निजी जानकारी नहीं मांगता।
EPFO ने सदस्यों से अपील की है कि किसी भी मैसेज में दिए लिंक से वेबसाइट खोलने के बजाय खुद आधिकारिक वेबसाइट खोजकर उस पर जाएं। ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करते समय थोड़ी सावधानी बरतकर साइबर फ्रॉड से काफी हद तक बचा जा सकता है।