JPSC Chairman Arrest: झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते को CID ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद CID की टीम उन्हें अपने कार्यालय लेकर गई। यहां उनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें शाम को अदालत में पेश किया जा सकता है। यह कार्रवाई JPSC की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। हालांकि, गिरफ्तारी को लेकर CID की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
सात घंटे तक हुई थी पूछताछ
इससे पहले सोमवार को झारखंड CID ने एल. खियांगते से करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी। एक अधिकारी के मुताबिक, खियांगते सुबह करीब 11 बजे CID कार्यालय पहुंचे थे और शाम करीब 6 बजे वहां से बाहर निकले। बताया गया कि इस मामले में उनसे पूछताछ का यह चौथा दौर था। इसी दौरान CID ने राज्यभर में करीब 18 स्थानों पर छापेमारी भी की थी।
ब्लैकलिस्टेड कंपनी को लेकर सवाल
JPSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में एल. खियांगते की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उन पर आरोप है कि उन्होंने 14वीं झारखंड सिविल सेवा परीक्षा आयोजित कराने के लिए ऐसी कंपनी का चयन किया, जिसे पहले से ब्लैकलिस्ट किया गया था। बताया जा रहा है कि परीक्षा आयोजित कराने की जिम्मेदारी TDPL नाम की कंपनी को दी गई थी। इस कंपनी को लेकर छात्रों ने भी सवाल उठाए हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि ब्लैकलिस्टेड कंपनी TDPL द्वारा आयोजित की गई सभी परीक्षाओं को रद्द किया जाए। छात्र पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लंबे समय से चल रहा छात्रों का आंदोलन
JPSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड में छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। एल. खियांगते झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव भी रह चुके हैं। JPSC मामले में CID की जांच आगे बढ़ने के बीच उनकी गिरफ्तारी को बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल CID की ओर से गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। अदालत में पेशी के बाद मामले में आगे की स्थिति साफ हो सकती है।
Also read: ‘सरकार छात्रों के आंदोलनों पर चर्चा को तैयार, अमित शाह लोकसभा में देंगे जवाब; विपक्ष के सामने रखी गई शर्तें