Relationship Goals: आज के समय में सच्चे प्यार को लेकर अक्सर सवाल उठते रहते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक कहानी लोगों का दिल जीत रही है। यह कहानी एक ऐसे युवक की है, जिसने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए उसकी पसंद की एंगेजमेंट रिंग खरीदने के लिए आठ महीने तक लगातार मेहनत की। इस दौरान उसने दिन में नौकरी की और रात में फूड डिलीवरी का काम किया। इस युवक का नाम ब्रैडली चो है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी पूरी जर्नी शेयर की। ब्रैडली ने हर दिन एक वीडियो पोस्ट किया और बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के लिए इंगेजमेंट रिंग खरीदने के मिशन पर हैं।
दिन में नौकरी, रात में डिलीवरी
ब्रैडली दिन में कॉर्पोरेट कंपनी में नौकरी करते थे। ऑफिस का काम खत्म होने के बाद वह देर रात तक फूड डिलीवरी करते थे। घर पहुंचने के बाद वीडियो एडिट करते और अगले दिन की तैयारी करते थे। उनकी दिनचर्या कई महीनों तक बेहद मुश्किल रही। रिपोर्ट के मुताबिक, वह रात करीब 2 बजे सोते थे और सुबह 6 बजे फिर ऑफिस के लिए निकल जाते थे। इस तरह उन्होंने अपनी नींद और आराम को पीछे रखकर अपने लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत की।
बीमारी और नौकरी का खतरा भी नहीं रोक पाया
आठ महीने के इस सफर में ब्रैडली को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वह करीब दो हफ्ते तक बीमार भी रहे। इसके अलावा उनके बॉस ने सोशल मीडिया पर उनकी वीडियो देख ली थी, जिसके बाद उनकी नौकरी पर भी खतरा मंडराने लगा। इसके बावजूद ब्रैडली ने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और लगातार काम करते रहे।
6,500 डॉलर बचाकर बनवाई खास अंगूठी
आठ महीने की मेहनत के बाद ब्रैडली ने करीब 6,500 डॉलर यानी लगभग 6 लाख रुपये बचाए। इसके बाद उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड के लिए एक खास कस्टम लैब-ग्रोन डायमंड इंगेजमेंट रिंग बनवाई। इस अंगूठी को और खास बनाने के लिए इसमें दोनों के बर्थस्टोन भी लगाए गए। रिंग डिजाइनर ने भी ब्रैडली की तारीफ की और कहा कि अंगूठी से ज्यादा उनकी मेहनत और हर छोटी डिटेल में दिखा प्यार प्रभावित करने वाला है। कहानी वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने ब्रैडली को बधाई दी। लोगों ने कहा कि यह सिर्फ एक अंगूठी की कहानी नहीं, बल्कि मेहनत, समर्पण और प्यार की मिसाल है। कई यूजर्स अब उनके प्रपोजल का वीडियो देखने का इंतजार कर रहे हैं।
Also read: IIT दिल्ली में PM मोदी का छात्राओं को लेकर बड़ा संदेश, कहा- मेडल पाने वाली छात्राओं की संख्या और बढ़नी चाहिए