
नई दिल्ली: हर साल 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस मनाया जाता है। बता दें कि आज पूरे विश्व में रक्तदान दिवस मनाया जाएगा। इस दिन अलग-अलग देशों में ब्लड डोनर के कैंप लगाए जाते है और रक्तदाता बिना पैसों के अपना खून दान करते है। इस रक्त से जरूरतमंद लोगों की मदद की जाती है।
दरअसल विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा हर साल 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इस साल मेक्सिको अपने नेशनल ब्लड सेंटर के जरिए विश्व रक्तदाता दिवस 2022 की मेजबानी करेगा। इस ग्लोबल इवेंट को 14 जून 2022 को मैक्सिको सिटी में आयोजित किया जाएगा। वहीं ब्लड और ब्लड प्रोडक्ट्स के ट्रांसफ्यूजन से हर साल लाखों लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। ये उन रोगियों की मदद कर सकता है जिनका जीवन किसी गंभीर बीमारी के चलते खतरे में है। सही समय पर ब्लड मिलने से ऐसे लोग को दोबारा जीवन मिल जाता है।
क्यों मनाया जाता है ब्लड डोनर दिवस
यह दिन नोबेल पुरस्कार से सम्मानित कार्ल लैंडस्टीनर की जयंती का प्रतीक है। 14 जून 1868 को जन्मे, कार्ल को एबीओ ब्लड ग्रुप सिस्टम की खोज करके स्वास्थ्य विज्ञान में उनके योगदान के लिए पुरस्कार मिला।
विश्व रक्तदान दिवस का इतिहास
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन ने 2005 से इस दिन को मनाने की शुरुआत की। विश्व स्वास्थ्य संगठन, इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ रेड क्रॉस और रेड क्रिसेंट सोसाइटीज की एक संयुक्त पहल द्वारा 2005 में पहली बार इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। तब से हर साल 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। ये दिवस कार्ल लैंडस्टीनर (Karl Landsteiner) के जन्मदिन के दिन मनाया जाता है।
विश्व रक्तदान दिवस का महत्व
विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य सेफ ब्लड और ब्लड प्रोडक्ट्स की आवश्यकता के बारे में वैश्विक जागरूकता बढ़ाना है। ये दिन स्वैच्छिक (वॉलेंटरी), अवैतनिक (अनपेड) ब्लड डोनर्स को उनके लाइफ सेविंग उपहारों (ब्लड) के लिए धन्यवाद देने का भी एक अवसर है.
विश्व रक्तदान दिवस 2022की थीम
हर साल विश्व रक्तदान दिवस पर अलग-अलग थीम रखी जाती है। इस साल की थीम है…”Donating blood is an act of solidarity। Join the effort and save lives”। इसका अर्थ है, रक्तदान एकजुटता का कार्य है। प्रयास में शामिल हों और जीवन बचाएं। इस थीम का मकसद उन भूमिकाओं की ओर ध्यान आकर्षित करना जो वॉलेंटरी ब्लड डोनेशन कर लाइफ बचाने और समुदायों के भीतर एकजुटता बढ़ाने में निभाते हैं।
Leave a comment