UK High Paying Jobs: यूनाइटेड किंगडम की एक पुरानी और प्रतिष्ठित मैगजीन ‘द लेडी’ में छपे एक नौकरी के विज्ञापन ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है। विज्ञापन में एक रहस्यमयी इंटरनेशनल बिजनेसमैन और रेसिंग ड्राइवर ने अपने लिए पर्सनल असिस्टेंट की तलाश की है। इस नौकरी की सबसे खास बात है इसकी सैलरी, जो करीब 70 हजार पाउंड यानी भारतीय रुपये में 90 लाख रुपये से ज्यादा सालाना बताई गई है। विज्ञापन के मुताबिक, चुने गए व्यक्ति को कई तरह के काम करने होंगे। इनमें डिजाइनर कपड़ों की धुलाई और इस्त्री, कपड़े पैक और अनपैक करना, Bentley कार चलाना, घर के काम में मदद करना, पार्टियों में सर्विस देना और हल्के स्नैक्स या साधारण खाना तैयार करना शामिल है।
इन बातों का रखना होगा ध्यान
उम्मीदवार को फिट, एक्टिव और हर समय काम के लिए तैयार रहने वाला होना चाहिए। इसके अलावा गोपनीयता को भी काफी अहम बताया गया है। नौकरी के लिए चुने गए व्यक्ति को मालिक की निजी जिंदगी और यात्रा से जुड़ी जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखना होगा। यह नौकरी लंदन के मेफेयर इलाके में बेस्ड बताई गई है। विज्ञापन के अनुसार, मालिक साल में केवल करीब 90 दिन लंदन में रहता है और बाकी समय दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में यात्रा करता है। ऐसे में नौकरी करने वाले व्यक्ति को भी दुनिया भर में उसके साथ यात्रा करने का मौका मिलेगा।
ब्यू चैम्प पार्टनर्स नाम की रिक्रूटमेंट
विज्ञापन में इस रहस्यमयी व्यक्ति का नाम नहीं बताया गया है। उसे शांत, समझदार, बेहद सभ्य और आकर्षक व्यक्तित्व वाला बताया गया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि वह कार रेसिंग का शौकीन है। यह भर्ती ब्यू चैम्प पार्टनर्स नाम की रिक्रूटमेंट एजेंसी के जरिए की जा रही है। पर्सनल असिस्टेंट को एक अन्य कर्मचारी के साथ मिलकर ये जिम्मेदारियां संभालनी होंगी।
लोगों ने दी मजेदार प्रतिक्रिया
जैसे ही यह विज्ञापन सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने लिखा, “कपड़े धोकर 90 लाख कमाने हैं तो यूके चलो।” वहीं कुछ ने मजाक करते हुए कहा कि इस नौकरी में Bentley भी चलानी है और पैंट भी संभालनी है। हालांकि, इतनी बड़ी सैलरी सिर्फ कपड़े धोने के लिए नहीं है। इसमें ड्राइविंग, हाउसकीपिंग, ट्रैवल असिस्टेंट, पार्टी सर्विस और निजी कामों की जिम्मेदारी भी शामिल है। साथ ही लगातार यात्रा और गोपनीयता की शर्तें भी हैं। यह विज्ञापन दिखाता है कि अल्ट्रा-रिच लोगों की निजी जिंदगी में पर्सनल स्टाफ की भूमिका कितनी बड़ी हो सकती है।
Also read: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का चौंका देने वाला खुलासा, बोले- हां मेरी जान को था खतरा, इसी वजह से बदला गया तुर्की में विमान