Pakistan LPG Crisis: पाकिस्तान में रसोई गैस यानी लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतों में भारी उछाल से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खैबर पख्तूनख्वा (KP) के कुछ इलाकों में LPG की कीमत 750 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जबकि गैस सिलेंडर की कीमत 10,000 पाकिस्तानी रुपये से अधिक हो गई है। बढ़ती कीमतों के कारण खासकर कम आय वाले परिवारों को खाना पकाने के लिए दूसरे विकल्प तलाशने पड़ रहे हैं।
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले पांच से छह दिनों के दौरान LPG की सप्लाई में गिरावट आई है। इसके पीछे ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बाद ताफ्तान बॉर्डर बंद होने को एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है। सप्लाई प्रभावित होने से कई इलाकों में गैस की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं।
पाकिस्तान के ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने इस महीने LPG की आधिकारिक कीमत 279.34 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम तय की है। हालांकि, कई बाजारों में उपभोक्ताओं को इसके लिए 550 से 600 रुपये प्रति किलोग्राम तक चुकाने पड़ रहे हैं। पेशावर में कीमत लगभग 600 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि खैबर पख्तूनख्वा के कुछ उत्तरी इलाकों में यह 750 रुपये तक पहुंच गई है।
LPG की जरूरत के लिए आयात पर निर्भर पाकिस्तान
OGRA के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान अपनी LPG जरूरतों का लगभग 70 प्रतिशत आयात से पूरा करता है, जबकि शेष 30 प्रतिशत घरेलू उत्पादन से मिलता है। ऐसे में आयात और सप्लाई में आने वाली बाधाओं का सीधा असर बाजार की कीमतों पर पड़ रहा है। अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि सप्लाई में रुकावटें बढ़ती हैं, तो प्रभावित बाजारों में LPG की कीमत 700 रुपये प्रति किलोग्राम से भी अधिक हो सकती है।
मुनाफाखोरी पर कार्रवाई को लेकर सवाल
आधिकारिक कीमत और बाजार में वसूली जा रही रकम के बीच बड़े अंतर ने मुनाफाखोरी और सरकारी निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नियामक ने अधिक कीमत वसूलने वाली कंपनियों और विक्रेताओं के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई अभी शुरू नहीं की है। बताया गया है कि अधिकारियों को आशंका है कि सख्त कार्रवाई से हड़तालें हो सकती हैं और गैस के वितरण में बाधा आ सकती है। इससे पहले से प्रभावित ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव और बढ़ने का खतरा है।
OGRA के एक प्रवक्ता ने स्वीकार किया कि ताफ्तान बॉर्डर बंद होने से सप्लाई संबंधी मुश्किलें आई हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि स्थिति को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद जताई कि संकट जल्द नियंत्रण में आ जाएगा।