Delhi Rain: दिल्ली-NCR में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को दोपहर बाद राहत मिली, जब अचानक आसमान में घने काले बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। नोएडा में बारिश के साथ आसमान पूरी तरह काला हो गया और दिन में ही अंधेरा जैसा नजारा देखने को मिला। तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी हो गई।
IMD ने बारिश और आंधी का अलर्ट दिया
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही दिल्ली-NCR में आज बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई थी। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश
IMD के मुताबिक, NCR के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर सड़क पर सफर करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है, क्योंकि बारिश के बाद सड़कें गीली और फिसलन भरी हो सकती हैं।
बारिश से ट्रैफिक पर असर
दोपहर बाद हुई तेज बारिश के कारण दिल्ली-NCR के कई रास्तों पर वाहनों की रफ्तार कम हो गई। नोएडा समेत कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और मौसम की स्थिति देखकर घर से निकलने की सलाह दी गई है।
बुधवार को भी हुई थी अच्छी बारिश
दिल्ली में बुधवार को भी ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवा और बिजली भी कड़की थी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पूसा में 51.1 मिमी, पीतमपुरा में 64.5 मिमी और मयूर विहार में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। लगातार हो रही बारिश से तापमान में राहत मिली है, लेकिन उमस और ट्रैफिक की परेशानी अभी बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Also read: नेपाल की बाढ़ में 288 भारतीय नागरिक हुए लापता, अबतक 258 लोगों की जान गई; MEA ने दी राज्यवार जानकारी