Aaj Ka Mausam 15 August 2026: 15 अगस्त के दिन जहां एक तरफ पूरा देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। वहीं दूसरी तरफ देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। इसको लेकर मौसम विभाग ने भी बड़ा अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और गुजरात समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही । छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है।
दिल्ली हल्की और यूपी भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रह सकता है। दिल्ली में आसमान बादलों से घिरा रहेगा और सुबह से शाम तक हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, आगरा, गोरखपुर, अलीगढ़, झांसी, मुजफ्फरनगर, बहराइच, मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र और मऊ समेत कई इलाकों में बारिश और खराब मौसम की स्थिति बनी रह सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 अगस्त को कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है, जिसमें शिमला, मनाली, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, ऊना, किन्नौर, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, चंबा और मंडी प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, उत्तराखंड में 15 अगस्त को बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने की संभावना है और नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उधम सिंह नगर और अल्मोड़ा में मौसम खराब रह सकता है। जम्मू-कश्मीर में भी 15 अगस्त को कई हिस्सों में बारिश का अनुमान है, जबकि श्रीनगर, अनंतनाग, किश्तवाड़, डोडा, पुंछ, सांबा, कठुआ, बारामूला और राजौरी में भारी बारिश के साथ मौसम बिगड़ सकता है।