Vande Bharat Food Menu: वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए खानपान से जुड़ी बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने ट्रेनों में मिलने वाले खाने का मेन्यू बदल दिया है। अब यात्रियों को एक मील में पहले मिलने वाले 8 से 10 आइटम की जगह सिर्फ 4 आइटम परोसे जाएंगे। रेलवे ने यह बदलाव खाने की गुणवत्ता, ताजगी और साफ-सफाई बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया है।
फिलहाल यह नई व्यवस्था 1 नवंबर 2026 से तीन वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू की गई है। इनमें नई दिल्ली-वाराणसी, मुंबई-बेंगलुरु और हावड़ा-कामाख्या रूट शामिल हैं। IRCTC यात्रियों की प्रतिक्रिया और खाने की गुणवत्ता का आकलन करने के बाद दूसरी ट्रेनों में भी इसे लागू करने पर फैसला ले सकता है।
नाश्ते से लेकर लंच-डिनर तक बदला मेन्यू
नए मेन्यू के तहत नाश्ते में सूप, ऑमलेट, ऑमलेट सैंडविच, वेज सैंडविच, छाछ और चॉकलेट जैसे आइटम हटा दिए गए हैं। अब यात्रियों को नाश्ते में चटनी-सांभर के साथ इडली-वड़ा, पोहा या उपमा में से विकल्प दिया जाएगा। यानी पहले की तरह कई तरह के व्यंजनों की लंबी सूची नहीं मिलेगी।
लंच और डिनर की थाली से भी हटे कई आइटम
दोपहर और रात के खाने के मेन्यू में भी बदलाव किया गया है। पहले मिलने वाली थाली से सूखी सब्जी, दही, सलाद, अचार और मिठाई जैसे आइटम हटा दिए गए हैं। अब यात्रियों को चपाती, चावल, दाल और एक मुख्य सब्जी दी जाएगी। नॉनवेज खाने वाले यात्रियों के लिए चिकन का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
750 ग्राम से घटकर 500 ग्राम हुआ खाने का वजन
मेन्यू छोटा होने के साथ एक मील का कुल वजन भी कम हो गया है। पहले यात्रियों को करीब 700 से 750 ग्राम तक खाना मिलता था, जो अब घटकर लगभग 450 से 500 ग्राम रह गया है। हालांकि, IRCTC अधिकारियों के मुताबिक, हर आइटम की निर्धारित मात्रा में कटौती नहीं की गई है। रेलवे का कहना है कि कम व्यंजन होने से खाने की गुणवत्ता, ताजगी और स्वच्छता पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी। इसके लिए बड़े क्लाउड किचन की मदद भी ली जा रही है।
Also read: WLF7: नितिन गडकरी ने दिया सुरक्षित और आपदा-रोधी सड़कों का मंत्र, बोले- निर्माण से पहले जांच जरूरी