Uttarakhand News: उत्तराखंड के मंगलौर कोतवाली के लंढौरा क्षेत्र से दर्दनाक सड़क हो गया। थिथौला में पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा में सवार एक ही परिवार के 13 लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें कई की हालत गंभीर है और छह घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा के मिलापनगर निवासी एक परिवार ई-रिक्शा में सवार होकर लक्सर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान थिथौला में पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हादसे में दिलशाद,अरशद और पांच वर्षीय उमर की मौत होने की जानकारी सामने आई है। उमर, दिलशाद का बेटा बताया जा रहा है। वहीं खातिजा,नाजमा समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर हालत को देखते हुए तीन बच्चों समेत छह घायलों को हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार में तीन मौतों के बाद कोहराम मचा हुआ है और शादी समारोह में शामिल होने की खुशियां मातम में बदल गई हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।