Uttarakhand News: उत्तराखंड के विभिन्न महाविद्यालयों में हुए छात्रसंघ चुनावों के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के विजयी प्रत्याशियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। छात्रसंघ चुनावों में कई कॉलेजों में ABVP प्रत्याशियों ने प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है।
मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि प्रदेश के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने वाले ABVP के सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि “युवाओं की इस हुंकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देवभूमि की युवाशक्ति राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्रहित के प्रति समर्पित संगठन के साथ खड़ी है।”
‘झूठ की गूंज’ को लेकर धामी का विपक्ष पर निशाना
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में कहा कि युवाओं ने ऐसी सोच को समर्थन नहीं दिया, जिसे उन्होंने ‘झूठ की गूंज’ से युवाओं को भ्रमित करने वाली सोच बताया। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव के परिणामों को उन ताकतों के लिए भी संदेश बताया, जो उनके मुताबिक युवाओं को कॉमेडी, जातिवाद और देश की सेना एवं महापुरुषों के अपमान से जोड़ने वाली सोच के साथ प्रभावित करना चाहती हैं।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की युवाशक्ति ने अपने वोट की ताकत के जरिए ऐसी विचारधारा को जवाब दिया है। मुख्यमंत्री का यह बयान छात्रसंघ चुनावों के नतीजों के बाद सामने आया है।