Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चारधाम यात्रा लगातार नए आयाम स्थापित कर रही है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के बाद अब बद्रीनाथ धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या ने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख 79 हजार 805 पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने में अभी करीब डेढ़ से पौने दो महीने का समय शेष है।
23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा ने 22 सितंबर को महज 153 दिनों में नया रिकॉर्ड बनाया। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड राज्य के स्थापना वर्ष 2000 में बद्रीनाथ धाम में कुल 6 लाख 95 हजार 332 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। वर्ष 2007 में यह संख्या बढ़कर 7 लाख 68 हजार 107 हो गई।वर्ष 2008 और 2010 में बद्रीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंची, लेकिन वर्ष 2014 में आई भीषण आपदा का असर यात्रा पर पड़ा और श्रद्धालुओं की संख्या घटकर 1 लाख 59 हजार 575 रह गई। इसके बाद वर्ष 2018 में 10 लाख 48 हजार 051 और वर्ष 2019 में 12 लाख 44 हजार 993 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचे। कोरोना संक्रमण के दौरान वर्ष 2020 में यह संख्या घटकर 1 लाख 55 हजार 055 और वर्ष 2021 में 1 लाख 99 हजार 409 रह गई।
2022 के बाद लगातार बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
वर्ष 2022 से बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिली। वर्ष 2022 में 17 लाख 63 हजार 578, वर्ष 2023 में 17 लाख 80 हजार 429, वर्ष 2024 में 17 लाख 74 हजार 264 और वर्ष 2025 में 17 लाख 78 हजार 298 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन के लिए पहुंचे। अब मौसम में सुधार के साथ बद्रीनाथ धाम में रोजाना पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। मंगलवार को 6,685 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए।
यात्री सुविधाओं पर विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में दर्शनार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए धामों और यात्रा पड़ावों पर यात्री सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ बनाया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में श्री बदरीनाथ धाम को उसके धार्मिक एवं पौराणिक महत्व के अनुरूप भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या उत्तराखंड की धार्मिक आस्था और पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम दर्शन उपलब्ध कराए जाएं।