Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग की ओर जा रही हरियाणा नंबर की वैगनआर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 5:40 बजे हुआ। कार देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित ‘रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट’ के पास पहुंची थी। इसी दौरान चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे।
पुलिस और SDRF ने चलाया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही देवप्रयाग पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीन घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग भेजा गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के शवों को खाई से बाहर निकालने का कार्य जारी था।
मृतकों और घायलों की पहचान
देवप्रयाग थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक अरुण त्यागी के अनुसार, हादसे में कार चालक अनिल और सत्येश्वरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायलों की पहचान उत्तम सिंह, टिशा रावत और सुशीला देवी के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल, हादसे के कारणों का विस्तृत विवरण सामने आना बाकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।