बुजुर्गों के लिए एक अच्छी खबर है। केंद्र, राज्य, रक्षा, पीएसयू और ईपीएफओ के पेंशनर्स के लिए वार्षिक जीवन प्रमाण-पत्र (DLC) जमा करने की प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो गई है। इस बार पोस्ट ऑफिस, बैंक और कॉमन सर्विस सेंटरों में 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए सरकार ने एक महीने का अतिरिक्त समय दिया है। आइए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया और 3 आसान तरीके जानते हैं।
1. घर बैठे मोबाइल से पूरा करें काम
-अपने मोबाइल फोन में 'Jeevan Pramaan' व 'Aadhaar Face RD' ऐप्लिकेशन डाउनलोड करें।
-ऐप पर आधार कार्ड डिटेल, मोबाइल नंबर, पेंशन पेमेंट आर्डर नंबर व बैंक खाते की जानकारी भरें।
-मोबाइल के फ्रंट कैमरे के सामने अपना चेहरा रखकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा करें।
-वेरिफिकेशन होते ही मोबाइल नंबर पर SMS से प्रमाण आईडी व रसीद मिल जाएगी।
दूसरा तरीका
-जो बुजुर्ग स्मार्टफोन चलाने में सहज नहीं हैं या स्वास्थ्य कारणों से बाहर जाने में असमर्थ हैं, वे इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक या अपने सरकारी बैंक की 'डोरस्टेप बैंकिंग' सेवा बुक करें।
-बुकिंग के आधार पर पोस्ट ऑफिस या बैंक का अधिकृत प्रतिनिधि घर आएगा।
-प्रतिनिधि फिंगरप्रिंट (अंगूठे के निशान) या आइरिस (आंखों के स्कैन) के जरिए बायोमेट्रिक सत्यापन करेगा और हाथों-हाथ आपका जीवन प्रमाण- पत्र जमा भी कर देगा।
तीसरा तरीका
-आप अपनी उस बैंक शाखा में जा सकते हैं, जहां आपकी पेंशन आती है। बैंक काउंटर पर या वहां मौजूद डिजिटल डेस्क पर जीवन प्रमाण- पत्र जमा करने के लिए विशेष सुविधा मिलती है।
-आप नजदीकी मुख्य डाकघर या स्थानीय डाकघर में जाकर भी प्रमाण- पत्र जमा कर सकते हैं।
-यदि बैंक या डाकघर दूर हैं तो घर के नजदीक अधिकृत CSC सेंटर पर जा सकते हैं। इन केंद्रों पर ऑपरेटर मामूली शुल्क लेकर डिजिटल जीवन प्रमाण- पत्र जनरेट कर देते हैं।
आखिरी तारीख: सभी पेंशनर्स के लिए प्रमाण- पत्र जमा करने की आखिरी तारीख 30 नवंबर है। समय पर प्रमाण-पत्र जमा न करने पर पेंशन पर अस्थायी रोक लग सकती है।