Delhi News: राजधानी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना की जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, गौतमपुरी की गली नंबर 10 के पास वसीम नाम के एक युवक रात करीब 8 बजे अपनी बाइक पर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और वसीम के गले के पास गोली मार दी। गोली लगने से वसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल दिल्ली के जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। डीसीपी संदीप लांबा के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
आरोपी की तालाश में जुटी पुलिस
पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।