Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के सोनिया विहार में सनसनीखेज फायरिंग की वारदात सामने आई है। साढ़े चार पुस्ता पर मनीष यादव नाम के युवक को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि घायल युवक एक CNG पंप पर काम करता है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार नकाबपोश बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मौके पर दिल्ली पुलिस और FSL की टीम पहुंचकर जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सोनिया विहार के साढ़े चार पुस्ता इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मनीष यादव को गोली मार दी गई। बाइक सवार दो युवक मनीष को उसके घर से बुलाकर बाहर लाए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने चेहरे पर नकाब पहन रखा था। बाहर आते ही हमलावरों ने मनीष पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गया।
आपसी रंजिश की आशंका
फायरिंग की इस वारदात के पीछे शुरुआती तौर पर आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घायल मनीष यादव CNG पंप पर काम करता है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हमलावर कौन थे और उन्होंने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही सोनिया विहार थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस हमलावरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।