
Mahakumbh Mela 2025: प्रयागराज में 13 जनवरी से महाकुंभ की शुरुआत हो चुकी है। महाकुंभ में साधुओं और भक्तों की भीड़ जुट चुकी है। देश दुनिया के कोने-कोने से लोग आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। लेकिन इसी बीच खबरें आ रहीं हैं कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी भी महाकुंभ में आ सकते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों फरवरी के पहले हफ्ते में प्रयागराज जाएंगे। ऐसे में उनके आने से पहले उनकी टीम ने प्रयागराज में शिविर लगा दिया है। ऐसे में इन दोनों का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
राहुल-प्रियंका लगाएंगे पुण्य की डुबकी
बता दें, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी महाकुंभ 2025 में प्रयागराज पहुंच सकते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों अगले महीने फरवरी में महाकुंभ में स्नान के लिए पहुंच सकते है। बताया जा रहा है कि राहुल और प्रियंका गांधी महाकुंभ मेला क्षेत्र में लगे सेवादल के शिविर का भ्रमण करने भी जाएंगे।
लेकिन अभी तक कांग्रेस की ओर से इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें, इससे पहले दोनों साल 2019 में लगे कुंभ में भी स्नान कर चुके है।
महाकुंभ पर क्या बोले अजय राय?
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कहना है कि महाकुंभ 2025 पुण्य कमाने का एक मौका है। वह खुद भी महाकुंभ में पुण्य की डुबकी लगाने प्रयागराज जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी के महाकुंभ में आने का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है।
अखिलेश यादव पर बन रहा दबाव
गौरतलब है कि अखिलेश यादव ने अभी महाकुंभ जाने का प्लान नहीं बनाया है। हरिद्वार में अपने दिवंगत चाचा राजपाल यादव की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे अखिलेश यादव से जब उनके महाकुंभ जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि हरिद्वार से लेकर गंगा सागर तक गंगा एक ही है. मैंने हरिद्वीर में गंगा स्नान किया है। जब मां गंगा बुलाएंगी तो जाएंगे। अब ऐसे में जब राहुल और प्रियंका गांधी के महाकुंभ जाने की बात हो रही है तो ये देखना काफी दिलचस्प होगा कि अखिलेश यादव का प्लान क्या होगा?
Leave a comment