Amit Shah On UCC Implementation:केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बीजेपी के नेतृत्व वाली NDA सरकारें 2029 से पहले देश के 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेंगी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की 25 साल की राजनीतिक यात्रा का भी जिक्र किया।
अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने तीन तलाक को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में UCC लागू किया जा चुका है और बाकी बीजेपी-NDA शासित राज्यों में भी इसे 2029 से पहले लागू करने का लक्ष्य है।
ऑपरेशन सिंदूर पर भी बोले अमित शाह
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर शाह ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के जरिए देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कई राज्यों में एक ही साल के भीतर कनविक्शन रेट में 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। सरकार ऐसा सिस्टम तैयार कर रही है, जिससे लोगों को तीन साल के भीतर न्याय मिल सके। नॉर्थ-ईस्ट का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 9 हजार से ज्यादा लोगों ने हथियार छोड़कर सरेंडर किया है और क्षेत्र विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उदाहरण बताया।
मणिपुर में NRC को लेकर बड़ा बयान
मणिपुर में NRC के लिए 1951 की बेसलाइन के सवाल पर शाह ने कहा कि केंद्र सरकार अपने सहयोगियों और राज्य के राजनीतिक दलों से चर्चा कर रही है। उन्होंने अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने का संकल्प भी दोहराया। ड्रग्स के खिलाफ अभियान पर शाह ने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए हर राज्य में काम किया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई में जीत हासिल करेगा।
Also read: 'चिन्मय दास के आंसुओं ने दुनिया को झकझोंरा', सीएम शुभेंदु ने बांग्लादेश की जेल में बंद संत का मुद्दा उठाया