Punjab News:पंजाब के लुधियाना में रविवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो गैंगस्टर मारे गए। यह एनकाउंटर आत्म नगर में हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक ब्लड डोनेशन कैंप में कुछ लोगों को निशाना बनाने के इरादे से पहुंचे थे। पुलिस को इसकी भनक लग गई थी और टीम दोनों का पीछा कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, आत्म नगर के पास जब पुलिस टीम ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इस दौरान दोनों तरफ से करीब 20 से 25 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
डोनी गैंग से जुड़े हुए थे बदमाश
घटना की सूचना मिलते ही लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के मुताबिक, मारे गए दोनों बदमाश डोनी बल गैंग से जुड़े हुए थे। पुलिस को उनके तार कुछ साल पहले हुए रवि ख्वाजके मर्डर केस से जुड़े विरोधी गैंग से भी जुड़े होने की जानकारी मिली है।
बल्ड डोनेशन कैंप को निशाना की साजिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों के पास अत्याधुनिक हथियार थे और उनके अमृतसर से जुड़े होने की बात भी सामने आई है। आशंका है कि दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए लुधियाना पहुंचे थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और ब्लड डोनेशन कैंप को निशाना बनाने की कथित साजिश की कड़ियों को खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Also read: Punjab Farmers Protest: चंडीगढ़-पंजाब सीमा पर तीसरे दिन भी किसानों का धरना जारी, सरकार के जवाब का इंतजार