इंदौर में 'सेना अफसरों संग हिंसा, महिला साथी संग रेप', राहुल गांधी ने उठाए सवाल, कहा - 'कब तक आंख चुराएंगे...'

इंदौर में 'सेना अफसरों संग हिंसा, महिला साथी संग रेप', राहुल गांधी ने उठाए सवाल, कहा - 'कब तक आंख चुराएंगे...'

Indore case: कोलकाता हिंसा के बाद अब मध्य प्रदेश से समाज को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मध्य प्रदेश में सेना के दो जवानों के साथ हिंसा और उनकी महिला साथी के साथ दुष्कर्म पूरे समाज को शर्मसार करने के लिए काफी है।'

BJP सरकार पर उठाए सवाल

उन्होंने आगे लिखा, 'BJP शासित राज्यों की कानून व्यवस्था लगभग अस्तित्वहीन है और महिलाओं के खिलाफ दिन प्रतिदिन बढ़ते अपराधों पर BJP सरकार का नकारात्मक रवैया अत्यंत चिंताजनक है। अपराधियों की ये निर्भीकता प्रशासन की पूर्ण नाकामी का परिणाम है और इस कारण देश में पनपता असुरक्षित वातावरण भारत की बेटियों की स्वतंत्रता, उनकी आकांक्षाओं पर बंदिश है। समाज और सरकार दोनों शर्मिंदा हों और गंभीरता से विचार करें. देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे। '

जीतू पटवारी ने बताया जंगलराज

इस मामले के सामने आते ही पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने BJP सरकार पर निशाना साधा, फिर इसी क्रम में मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी सामने आए। जीतू पटवारी ने BJP सरकार के राज में इस देश व्यवस्था को जंगलराज तक करार दे दिया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश की BJP सरकार में आर्मी के अफसर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो यहां पर आम जनता का क्या हाल होगा? आर्मी के अफसर के साथ लूटपाट होती है और उनकी दोस्त के साथ गैंगरेप होता है। पुलिस मामले को दो दिन दबाकर बैठे रही। मुख्यमंत्री खुद गृहमंत्री हैं और साथ ही इंदौर के प्रभारी मंत्री भी। इसी मां अहिल्या की नगरी इंदौर को इन्होंने अपराध की नगरी बनाकर रख दिया है।

क्या है पूरा मामला?

ये घटना 11 सितंबर को घटित हुई है, जहां इंदौर के ऐतिहासिक जाम गेट के पास 2 ट्रेनी आर्मी जवान अपनी दो महिला साथियों के साथ नाइट ड्राइव और पिकनिक पर निकले थे। जाम गेट के पास आर्मी का पुराना फायरिंग रेंज है जहां, चारों बैठे हुए थे। इसी बीच वहां करीब 6 बदमाश आए और चारों को बंधक बनाकर, पहले उनसे मारपीट कर लूटपाट की। जिसके बाद एक महिला साथी से बंदूक की नोक पर गैंगरेप भी किया गया है।

Leave a comment