Namo Bharat Rapid Rail: हरियाणा के फरीदाबाद में आने वाले समय में लोगों के लिए यात्रा और भी आसान होने वाली है। शहर में दो बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है, जिनसे पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों की कनेक्टिविटी के साथ-साथ गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के बीच यात्रा करना आसान होगा। पहली परियोजना नमो भारत रैपिड रेल से जुड़ी है, जो गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा के सेक्टर 142 और सूरजपुर तक जाएगी। यह रैपिड रेल करीब 3700 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। प्रस्तावित रूट में सैनिक कॉलोनी, अनखीर चौक, बड़खल चौक और ग्रेटर फरीदाबाद जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
रूट का सर्वे हुआ पूरा
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस रूट का सर्वे पूरा कर लिया है। बाटा रेलवे पुल के पास इस परियोजना का एलिवेटेड स्ट्रक्चर बनाया जाएगा, जहां एक ही स्थान पर दोनों परियोजनाओं के पिलर बनाए जाएंगे ताकि जगह का सही उपयोग हो सके। दूसरी परियोजना पूर्वी-पश्चिमी फरीदाबाद कनेक्टिविटी के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर की है।
मुख्यमंत्री दे चुके इसकी मंजूरी
ये कॉरिडोर सैनिक कॉलोनी से शुरू होकर मस्जिद चौक, प्याली-हार्डवेयर चौक और बाटा रेलवे पुल होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इस परियोजना पर करीब 682.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका डीपीआर पहले ही तैयार हो चुका है और मुख्यमंत्री इसकी मंजूरी दे चुके हैं।
विभाग के साथ होगी बैठक
अधिकारियों के अनुसार, अगले सप्ताह इस रूट को लेकर रेल परियोजना विभाग के साथ एक अहम बैठक होगी और मौके का निरीक्षण भी कराया जाएगा। अगर सभी चीजें सही रहीं, तो जुलाई या अगस्त में टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। सरकार का लक्ष्य है कि इन दोनों बड़ी परियोजनाओं पर इसी साल काम शुरू हो जाए। इससे शहर में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में काफी सुविधा मिलेगी।
Also read: Haryana News: हरियाणा के इस जिले में धारा 163 लागू , चार से अधिक व्यक्ति के एकत्र होने पर रोक