Sameem Sultana MVI Army Driver Challan Video: असम के जोरहाट में सेना के ड्राइवर का चालान काटना एक महिला ट्रैफिक इंस्पेक्टर को भारी पड़ गया। सीट बेल्ट नहीं लगाने पर MVI समीम सुल्ताना ने आर्मी के ड्राइवर का चालान काट दिया था और उसे गाड़ी के सामने खड़ा करके फोटो भी ली थी। इस दौरान दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने इंस्पेक्टर को ड्यूटी से हटा दिया।यह पूरा मामला बुधवार को जोरहाट शहर के व्यस्त एटी रोड पर ISBT के सामने का है।
सेना के जवान सेना के लाइसेंस पर सेना का वाहन चला सकते हैं
आर्मी ड्राइवर 41 सब-एरिया, लिचुबाड़ी से जुड़ा था और एक अन्य जवान के साथ आधिकारिक ड्यूटी पर था। इसी दौरान सड़क सुरक्षा अभियान के तहत चेकिंग कर रही MVI ने उसे रोका। जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने साफ किया कि चालान सिर्फ सीट बेल्ट नहीं लगाने पर काटा गया था, बिना लाइसेंस का मामला नहीं था। उन्होंने बताया कि सेना के जवान सेना के लाइसेंस पर सेना का वाहन चला सकते हैं। हालांकि पूछताछ के दौरान MVI का व्यवहार थोड़ा अभद्र रहा, जिसके चलते उन्हें एक-दो दिन ड्यूटी से दूर रखा जाएगा।
Also read: सिंधु जल समझौते को लेकर दी थी हाथ काटने की धमकी, अब भारत आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक मसूद
जिला प्रशासन ने सेना को हुई असुविधा पर खेद
घटना के बाद जोरहाट जिला प्रशासन ने सेना को हुई असुविधा पर खेद जताया है। प्रशासन ने कहा कि सशस्त्र बलों का अनादर करने का कोई इरादा नहीं था। इस मामले पर 41 सब-एरिया के GOC के साथ संयुक्त बैठक भी हुई, जिसमें कई गलतफहमियां सामने आईं। इसके बाद ट्रैफिक अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे सेना, आपातकालीन सेवाओं और एंबुलेंस के वाहनों से निपटते समय सावधानी, संवेदनशीलता और विवेक से काम लें। बता दें कि गोलाघाट में 13 नवंबर को हुए हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों में सड़क सुरक्षा अभियान तेज करने के निर्देश दिए थे, उसी अभियान के दौरान यह घटना हुई।