आज का इतिहास: प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राजनीतिक पद ग्रहण करने पर लगा दी थी रोक, जानें वजह

आज का इतिहास:  प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के राजनीतिक पद ग्रहण करने पर लगा दी थी  रोक, जानें वजह

नई दिल्ली : साल के छठे महीने का आज 12वां  दिन है। आज के दिन यानी 12 जून को भारत की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भ्रष्टाचार के मामलें में कार्ट द्वारा दोषी ठहराया गया था। दरअसल इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने 12 जून 1975 के दिन देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को चुनाव में सरकारी मशीनरी के इस्तेमाल का दोषी ठहराते हुए उनके निर्वाचन को अमान्य करार दिया। मामला 1971 के लोकसभा चुनाव के सिलसिले में विपक्ष के नेता राजनारायण ने दाखिल किया था और अदालत ने इंदिरा गांधी को चुनाव में अनुमति से ज्यादा धन व्यय करने और सरकारी संसाधनों के दुरूपयोग का दोषी पाया। जिसके बाद उनके किसी भी राजनीतिक पद ग्रहण करने पर रोक लगा दी गई। हालांकि यह फैसला अमल में नहीं आया और इसके बाद का घटनाक्रम आपातकाल के काले दौर का गवाह बना।

इसके अलावा सन् 1929 में दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नाजियों के जुल्म का शिकार बनी यहूदी लड़की एनी फ्रेंक का जन्म हुआ था। नाजियों की कैद के दौरान लिखी गई एनी की डायरी को बाद में किताब के रूप में छापा गया, जिसे दुनियाभर में खूब मकबूलियत मिली। सन् 1962 में अमेरिका में सान फ्रांसिस्को की खाड़ी में स्थित कड़ी सुरक्षा वाले कारागार एलकटराज से तीन क़ैदी भाग निकले थे। इस जेल को सुरक्षा के हिसाब से अभेद्य माना जाता था और यहां सबसे गंभीर अपराधों वाले कैदियों को रखा जाता था।

वहीं सन् 1964 में अफ्रीका में रंगभेद के खिलाफ आंदोलन की अगुवाई करने वाले अश्वेत नेता नेल्सन मंडेला को सरकार के खिलाफ साजिश का दोषी ठहराते हुए उम्र क़ैद की सजा सुनाई गई थी। सन् 1972 में महात्मा गांधी के जीवन पर आठ खंड का ग्रंथ लिखने वाले डी जी तेंदुलकर का निधन हो गई था।

देश-दुनिया की अन्य प्रमुख घटनाएं:-

1998 : भारत और पाकिस्तान को परमाणु परीक्षण के कारण जी-8 के देशों द्वारा ऋण नहीं देने का निर्णय।

1999 : पाकिस्तानी रक्षा बजट में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि।

2001: सीमा मुद्दे पर भारत-बांग्लादेश वार्ता की शुरुआत।

2002: बालश्रम निषेध दिवस की शुरुआत। इस दिवस का मकसद लोगों में बालश्रम को लेकर जागरूकता फैलाना था।

2007: ऑस्ट्रेलिया के स्कूलों में सिख छात्रों को धार्मिक प्रतीक कृपाण रखने की इजाजत मिली।

2018: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन से सिंगापुर में मुलाकात की। एक-दूसरे के चिर-प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले इन दोनों देशों के प्रमुखों के बीच हुई यह पहली मुलाकात थी।

Leave a comment