Bilibili Global Launch: चीन की मशहूर वीडियो शेयरिंग वेबसाइट BiliBili अब इंटरनेशनल मार्केट में कदम बढ़ा रही है। इसे चीन का YouTube भी कहा जाता है। कंपनी ने 19 अगस्त को पुष्टि की कि वह अपनी सर्विस को दुनियाभर के यूजर्स तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। ग्लोबल यूजर्स के लिए Android ऐप उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि iOS ऐप जल्द लॉन्च होने की उम्मीद है। BiliBili एक वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म है, जहां यूजर्स वीडियो अपलोड और देख सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म अब तक मुख्य रूप से चीन के यूजर्स के बीच लोकप्रिय रहा है। हाल के वर्षों में कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म पर पेड सब्सक्रिप्शन और प्रीमियम कंटेंट भी शुरू किया है। इसमें जापानी एनीमे के साथ-साथ चीन में बनाए गए एनिमेशन यानी Donghua की बड़ी लाइब्रेरी शामिल है।
पहले भी था इंटरनेशनल ऐप
BiliBili का Android ऐप पहले भी चीन के बाहर उपलब्ध था, लेकिन बाद में उसका इंटरनेशनल वर्जन बंद कर दिया गया था। अब कंपनी ने इसे दोबारा लॉन्च किया है। इस बार कंपनी ने गैर-चीनी यूजर्स के लिए वीडियो अपलोड करने की प्रक्रिया को भी आसान किया है। अब वीडियो अपलोड करने के लिए पहले की तरह ID वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं होगी। कंपनी ने ग्लोबल क्रिएटर्स के लिए Discord पर एक Creator Hub भी बनाया है। इसका उद्देश्य नए यूजर्स को प्लेटफॉर्म पर वीडियो पोस्ट करने और इसके फीचर्स को समझने में मदद करना है। BiliBili खुद को खास तौर पर Gen Z, पढ़े-लिखे और अच्छी आय वाले यूजर्स तक पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।
कितने लोग इस्तेमाल करते हैं?
आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में BiliBili के करीब 34 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर्स थे। वहीं रोजाना करीब 3.4 करोड़ लोग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे। ऐसे में दुनिया भर के वीडियो क्रिएटर्स के लिए यह एक नया प्लेटफॉर्म बन सकता है। हालांकि, BiliBili पर आने से पहले कुछ बातों को समझना जरूरी है। प्लेटफॉर्म के नियमों के मुताबिक कंपनी स्थानीय कानून, नियम, नैतिक मानकों और स्थानीय नियामक संस्थाओं की जरूरतों का पालन करेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि यहां YouTube की तुलना में कंटेंट मॉडरेशन ज्यादा सख्त हो सकता है।
क्या क्रिएटर्स को BiliBili पर जाना चाहिए?
अगर किसी क्रिएटर की YouTube पर ग्रोथ रुक गई है या वह नए इंटरनेशनल ऑडियंस तक पहुंचना चाहता है, तो BiliBili एक विकल्प हो सकता है। हालांकि, चीन के बाहर रहने वाले क्रिएटर्स के लिए YouTube के मौजूदा टूल्स, मोनेटाइजेशन और क्रिएटर सिस्टम अभी ज्यादा आसान हैं। इसलिए BiliBili पर जाने से पहले उसके नियम, कंटेंट पॉलिसी और कमाई के तरीकों को समझना जरूरी होगा।
Also read: Hyundai Tucson से लेकर Skoda-Volkswagen की नई साझेदारी तक, भारत में ऑटो सेक्टर में बड़े बदलाव