
Rekha Gupta Oath Ceremony: दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने मंत्रिमंडल के नाम भी तय कर लिए हैं। खबरों के अनुसार, आज रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री के साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे। मंत्रियों के चयन में सभी वर्गों का संतुलन रखा गया है। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम भी तय हो चुके हैं।
बता दें कि,भाजपा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के लिए महिला और वैश्य समुदाय को ध्यान में रखकर फैसला लिया है। मंत्रिमंडल के गठन में पूर्वांचल, पंजाबी, ब्राह्मण और दलित समुदायों को भी स्थान दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने मुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों के नाम भी तय कर लिए हैं, लेकिन इनकी औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, आज दिल्ली में रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी और उनके साथ छह मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे।
भाजपा के कई बड़े चेहरे मंत्रिमंडल में होंगे शामिल
खबरों के अनुसार, भाजपा के संभावित मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज और पंकज सिंह के नाम तय किए गए हैं। इनमें से कुछ नेताओं को इसकी सूचना भी दे दी गई है। वहीं, विजेंद्र गुप्ता और मोहन सिंह बिष्ट का नाम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चर्चा में है। पार्टी ने सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल तैयार किया है। हालांकि, अंतिम सूची का खुलासा शपथ ग्रहण से पहले किया जाएगा।
अनुभवी नेताओं को दी गई प्राथमिकता
भाजपा ने मंत्रिमंडल गठन में सामाजिक संतुलन के साथ-साथ संगठन के प्रति समर्पण को भी महत्व दिया है। नए चेहरों की तुलना में पार्टी संगठन से जुड़े अनुभवी नेताओं को आगे बढ़ाने के पक्ष में है। दिल्ली में 48 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा सरकार बना रही है। पार्टी इस मौके का इस्तेमाल अन्य राज्यों में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए भी कर रही है।
Leave a comment