Success Story:आईटी सेक्टर में नौकरी जाने का डर हमेशा बना रहता है, लेकिन कानपुर के मुकुंद प्रजापति के लिए करियर की शुरुआत में मिली छंटनी जिंदगी का सबसे बड़ा सबक बन गई। साल 2017 में उन्हें महज 2.9 लाख रुपये सालाना पैकेज वाली पहली नौकरी से निकाल दिया गया था। उस समय पिता पर एजुकेशन लोन था और मुकुंद ने घर की जिम्मेदारियां उठानी शुरू ही की थीं। इस झटके के बाद उन्होंने न सिर्फ अपना करियर बदला, बल्कि पैसे बचाने और निवेश करने का तरीका भी बदल दिया। आज 36 साल की उम्र में वह डेटा इंजीनियर हैं और पत्नी के साथ मिलकर 11.53 करोड़ रुपये की संपत्ति बना चुके हैं। 65 लाख रुपये का होम लोन घटाने के बाद उनकी नेटवर्थ 10.88 करोड़ रुपये है।
मुकुंद का बचपन कानपुर के एक मध्यमवर्गीय परिवार में बीता। उनके पिता प्राइवेट फैक्ट्री में अकाउंट्स ऑफिसर थे और महीने के 25 से 30 हजार रुपये कमाते थे। मां घर चलाने में मदद के लिए पड़ोसियों के कपड़े सिलती थीं। पिता हर खर्च और बचत का हिसाब एक छोटी डायरी में रखते थे। इसी माहौल में मुकुंद ने कर्ज से बचने और कमाई का कुछ हिस्सा बचाने की आदत सीखी। माता-पिता ने अपनी जमापूंजी और करीब 2.5 लाख रुपये के एजुकेशन लोन से उन्हें इंजीनियरिंग कराई। 2017 में पहली नौकरी मिलने के कुछ समय बाद ही कंपनी ने उन्हें निकाल दिया, लेकिन महज 15 दिन बाद उन्हें IBM में नौकरी मिल गई।
स्किल बदली तो 3.78 लाख से 62 लाख पहुंची सैलरी
IBM में काम करते हुए मुकुंद बिग डेटा इंजीनियर बनना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने नौकरी के साथ Python, SQL, Hadoop और Spark जैसी तकनीकें सीखीं। मई 2020 में उन्हें बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिला। जनवरी 2022 तक उनकी सैलरी महज 3.78 लाख रुपये थी। इसके बाद उन्होंने इंटरव्यू दिए और 13 लाख रुपये का पैकेज हासिल किया। 2022 के अंत में एक ग्लोबल एयरोस्पेस कंपनी से 23 लाख रुपये का ऑफर मिला। फिर 2025 में उनकी सैलरी बढ़कर 62 लाख रुपये सालाना हो गई। अब 2026 में उन्हें UAE की एक कंसल्टिंग फर्म से करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना का ऑफर मिला है।
10 हजार की SIP से करोड़ों का पोर्टफोलियो
मुकुंद ने बढ़ती सैलरी के साथ खर्च बढ़ाने के बजाय निवेश पर ध्यान दिया। उन्होंने निफ्टी 50 इंडेक्स और फ्लेक्सी-कैप फंड में 10 हजार रुपये की मासिक SIP शुरू की। हर साल निवेश बढ़ाया और बोनस व इंक्रीमेंट का पैसा भी निवेश करते रहे। पत्नी ने भी इस सफर में साथ दिया। दोनों की मासिक इन-हैंड कमाई 4 लाख रुपये से ज्यादा होने के बावजूद घरेलू खर्च 1 से 1.2 लाख रुपये तक सीमित रहा। नवंबर 2026 के उनके अनुमान के मुताबिक, 11.53 करोड़ की संपत्ति में करीब 4.95 करोड़ रुपये की चार प्रॉपर्टी, 2.45 करोड़ रुपये के इक्विटी म्यूचुअल फंड और अन्य निवेश शामिल हैं। अब उनका लक्ष्य 45 साल की उम्र तक आर्थिक आजादी हासिल करना है, ताकि नौकरी मजबूरी नहीं बल्कि अपनी मर्जी से कर सकें।
Also read: सर्दियों में राजस्थान घूमने का है प्लान?, जयपुर- उदयपुर छोड़, इन 10 जगहों पर जरूर जाएं