Stock Market: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को कारोबार की शुरुआत सपाट रही, लेकिन शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी ने बढ़त हासिल कर ली। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के रुख को लेकर निवेशकों की नजर बाजार की दिशा पर बनी हुई है। इस दौरान सेंसेक्स 150 अंकों से ज्यादा चढ़ा, जबकि निफ्टी 22,700 के स्तर के ऊपर कारोबार करता नजर आया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 73,268.47 के स्तर पर खुला और बढ़त के साथ 73,405.24 के आसपास पहुंच गया। यह पिछले बंद स्तर 73,246.03 के मुकाबले 159.21 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की तेजी थी। वहीं, निफ्टी 22,690.65 के स्तर पर खुला। पिछले बंद स्तर 22,698.85 के मुकाबले यह 45.90 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,745.05 के आसपास कारोबार कर रहा था।
इन सेक्टरों में दिखी तेजी, कुछ पर दबाव
शुरुआती कारोबार में बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। ऑटो, आईटी, मेटल, फार्मा, हेल्थकेयर और टेलीकॉम सेक्टर के इंडेक्स हरे निशान में रहे। दूसरी ओर, FMCG, सीमेंट, ऑयल एंड गैस, रियल्टी, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में दबाव देखने को मिला। NSE पर अडानी पोर्ट्स, BSE, पावर ग्रिड, TCS, टाइटन, कोल इंडिया, रिलायंस, HCL टेक, मैक्स हेल्थ, इंफोसिस, कोटक बैंक, NTPC, भारती एयरटेल और BEL प्रमुख बढ़त वाले शेयरों में शामिल रहे।
इसके विपरीत ट्रेंट, हिंडाल्को, मारुति, नेस्ले, L&T, बजाज फाइनेंस, HDFC बैंक, ICICI बैंक और ONGC जैसे शेयरों में कमजोरी दर्ज की गई। BSE पर भी अडानी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, NTPC, TCS, रिलायंस, टाइटन, कोटक बैंक, HCL टेक और इंफोसिस में तेजी रही। वहीं, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति, L&T, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, HDFC बैंक और इटरनल दबाव में रहे।
कच्चे तेल की कीमतें बनीं चिंता
रेलिगेयर ब्रोकिंग के रिसर्च SVP अजीत मिश्रा के मुताबिक, कॉरपोरेट नतीजों, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत रुख के कारण बाजार में सावधानी बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया है, लेकिन महंगाई को लेकर उसकी चिंता और आगे सख्ती की संभावना वैश्विक वित्तीय परिस्थितियों तथा विदेशी निवेश के प्रवाह पर दबाव डाल सकती है।