Manipur: मैतेई नेता की गिरफ्तारी के बाद बिगड़े हालात, 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद

Manipur: मैतेई नेता की गिरफ्तारी के बाद बिगड़े हालात, 5 जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद

Manipur Violence: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा और तनाव का माहौल गहरा गया है। मैतेई समुदाय के प्रभावशाली संगठन 'अरामबाई तेंगगोल' के एक प्रमुख नेता की गिरफ्तारी के बाद राज्य के पांच जिलों—इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, बिष्णुपुर, और ककचिंग में शनिवार रात 11:45 बजे से इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाएं अगले पांच दिनों के लिए निलंबित कर दी गई हैं। यह कदम कानून-व्यवस्था को बनाए रखने और अफवाहों को रोकने के लिए उठाया गया है।
 
हिंसा और प्रदर्शन की लहर
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही मैतेई समुदाय के लोगों ने इंफाल में सड़कों पर उतरकर विरोध शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर टायर और फर्नीचर जलाए साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कुछ इलाकों में पथराव और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बलों को तैनात किया है।
 
प्रशासन का कड़ा रुख
मणिपुर के गृह विभाग के सचिव एन. अशोक ने बताया कि यह निर्णय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए लिया गया है। इंटरनेट बंद होने से वीएसएटी और वीपीएन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इसके अलावा इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। ताकि हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
मणिपुर में पहले से ही अशांति
मणिपुर में पिछले कुछ वर्षों से मैतेई और कुकी समुदायों के बीच तनाव बना हुआ है। 2023 में मैतेई समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मांग के विरोध में शुरू हुई हिंसा में अब तक 258 लोगों की जान जा चुकी है। इस ताजा घटना ने राज्य में पहले से ही नाजुक स्थिति को और गंभीर कर दिया है। जिस पर केंद्र सरकार ने मणिपुर में स्थिति पर नजर रखी हुई है। अतिरिक्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की तैनाती की गई है
ताकि हालात को नियंत्रित किया जा सके। स्थानीय लोग और संगठन केंद्र सरकार से शांति बहाली के लिए मांग कर रहे हैं। इस बीच कुछ संगठनों ने गिरफ्तार नेता की रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज करने की चेतावनी दी है।

Leave a comment