Sergey Lavrov India Visit: ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव का असर अब दुनियाभर के देशों पर दिखने लगा है। भारत में भी ईंधन संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील की है। वहीं कई बड़े नेताओं और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है। इस बीच भारत के लिए राहत की खबर रूस की तरफ से आई है। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भरोसा दिलाया है कि रूस भारत को ऊर्जा आपूर्ति जारी रखेगा और किसी भी हाल में भारत के हितों को नुकसान नहीं होने देगा।
दिल्ली यात्रा से पहले दिए एक इंटरव्यू में लावरोव ने कहा कि रूस और भारत के रिश्ते बेहद मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती गहरी है और ऐसा कोई हालात नहीं बन सकता, जिससे दोनों देशों के रास्ते अलग हो जाएं।
रूस हमेशा भारत के साथ-रूसी विदेश मंत्री
रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि रूस हमेशा भारत के साथ अपने ऊर्जा समझौतों को निभाता रहा है। उन्होंने भरोसा दिया कि तेल, गैस और कोयले जैसी जरूरी ऊर्जा आपूर्ति लगातार जारी रहेगी। लावरोव ने यह भी कहा कि अनुचित और बेईमान प्रतिस्पर्धा के बावजूद रूस अपने समझौतों को प्रभावित नहीं होने देगा। उन्होंने भारत-रूस रिश्तों को “चट्टान की तरह मजबूत” बताया। लावरोव ने कहा कि “हिंदी-रूसी भाई-भाई” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि दोनों देशों की दोस्ती और संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने भारतीय फिल्मों और राज कपूर की लोकप्रियता का भी जिक्र किया।
लावरोव करेंगे एस. जयशंकर से मुलाकात
लावरोव ने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग, परमाणु ऊर्जा, व्यापार, सांस्कृतिक संबंध और राजनीतिक संवाद लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें भारत और रूस के रिश्तों को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी। भारत दौरे के दौरान लावरोव विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। वह BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। बैठक में मध्य-पूर्व की स्थिति, ऊर्जा संकट और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
Also read: एमवी होंडियस क्रूज शिप में हंतावायरस का बढ़ रहा खतरा, नहीं बनी अभी तक वैक्सीन