भारत ही नहीं पूरी दुनिया से हो रहा है बिश्नोई गैंग का सफाया, इटली से गिरफ्तार हुई लेडी डॉन

भारत ही नहीं पूरी दुनिया से हो रहा है बिश्नोई गैंग का सफाया, इटली से गिरफ्तार हुई लेडी डॉन

Who Is Sudha Kanwar: राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार, राजस्थान पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के एक कुख्यात गुर्गे की पत्नी सुधा कंवर को इटली में गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एडीजी क्राइम दिनेश एमएन के प्रयासों से संभव हुई है। बताया जा रहा है कि सुधा कंवर को इटली के ट्रेपानी शहर में स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया।

इसके पहले दिल्ली से माया मैडम को पकड़ा गया है। ये दोनों महिलाएं बिश्नोई गैंग को आर्थिक रूप से मदद करती थी। यानी इन दोनों का काम गैंग के लिए पैसों का इंतजाम करना था।

सुधा का सिंडिकेट राजस्थान से इटली तक

बता दें, सुधा कंवर का सिंडिकेट राजस्थान से इटली तक फैला हुआ था। सुधा कंवर का नाम लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। वह अपने पति अमनदीप बिश्नोई के साथ व्यापारियों को धमकाने और वसूली करने में शामिल थी। बताया जा रहा है कि राजस्थान के छोटे से कस्बे मेड़ता सिटी में सुधा कंवर का नाम लेने से भी लोग कतराते हैं। 

सुधा कंवर का लॉरेंस बिश्नोई संग कनेक्शन

जुर्म की दुनिया में सुधा तब जानी गई जब उसकी दूसरी शादी अमरजीत सिंह बिश्नोई से हुई। क्योंकि अमरजीत गोदारा गैंग के लिए काम करता था। जिसका मेन काम व्यापारियों से पैसा वसूल करना था। इस तरह से पति के जरिए सुधा लॉरेंस गैंग के संपर्क में आई।

राजू ठेहट हत्याकांड में सुधा का नाम शामिल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीकर जिले में राजू ठेहट हत्याकांड में सुधा कंवर का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने इसे हिरासत में ले लिया। लेकिन जेल जाने के बाद उसे जमानत मिल गई। फिर सुधा टूरिस्ट वीजा के जरिए इटली चली गई। जहां पहले से अमरजीत मौजूद था। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने सुधा कंवर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। जिससे उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई।

कौन है लॉरेंस गैंग की माया मैडम? 

लॉरेंस गैंग की महिला सदस्य माया मैडम को पिछले दिनों जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया। फिलहाल, अभी वह पुलिस रिमांड पर है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ की मानें तो पिछले कई महीने से माया लॉरेंस गैंग से जुड़ी है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य रोहित गोदारा, संपत नेहरा, शुभम उर्फ बिगनी, राजेंद्र उर्फ जोकर और गोल्डी बराड़ जैसे बदमाशों के सीधे संपर्क में थी।

बताया जा रहा है कि रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ विदेश में छिपे हुए हैं। जबकि संपत नेहरा सहित अन्य बदमाश अलग-अलग जेलों में बंद है।  

Leave a comment