Kota Accident:राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हो गया जहां एक एक ट्रैवलर गाड़ी अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिर गई। इस हादसे में करीब 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। ट्रैवलर वाहन मध्य प्रदेश से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सीमलिया थाना क्षेत्र में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और पुलिया से नीचे बरसाती नाले में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चार यात्रियों की मौके पर मौत, दो ने रास्ते में तोड़ा दम
सीमलिया थाना अधिकारी नंद सिंह के अनुसार, हादसे में चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्रियों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायलों को उपचार के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।
जिला कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल
हादसे की सूचना मिलने पर कोटा जिला कलेक्टर पीयूष समारिया एमबीएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की कुशलक्षेम पूछी और उपचार की स्थिति की जानकारी ली। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन राहत एवं उपचार से जुड़ी व्यवस्थाओं में जुटे हैं।