Rajasthan News: इन दिनों पूरे देश में कॉकरोच जनता पार्टी स्कूल ठीक करो अभियान चला रखा है। इसी तहत राजस्थान की राजधानी जयपुर के बगरू इलाके में रामपुरा-कंवरपुरा गांव में CJP के कार्यकर्ता गांव के सरकारी स्कूल की पड़ताल करने पहुंचे थे, लेकिन वहां पर जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। गांव वालों ने CJP की टीम को वहां से खदेड़ दिया। वहीं इस हंगामें को लेकर पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए है।
जानकारी के मुताबिक, रामपुरा-कंवरपुरा गांव में सुबह के समय उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब CJP के कुछ कार्यकर्ता राजकीय प्राथमिक विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। कार्यकर्ताओं के पहुंचने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई और विरोध करते हुए उन्हें मौके से वापस भेज दिया। इसके कुछ देर बाद आशुतोष रांका भी स्कूल पहुंचे, जिसके बाद ग्रामीणों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। आरोप है कि इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने CJP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उन्हें गांव से बाहर तक दौड़ा दिया। घटना के दौरान कार्यकर्ताओं के वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई और गाड़ियों के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
आशुतोष रांका ने बीजेपी पर लगाया आरोप
वहीं इस घटना को लेकर आशुतोष रांका ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि गांव पहुंचे लोग असल में ग्रामीण नहीं बल्कि भाजपा के बुलाए हुए लोग थे, जिनका सरगना कमल प्रधान गरीबों की जमीन पर कब्जा करने का काम करता है। रांका ने यह भी कहा कि उनकी टीम के जो साथी पहले से मौजूद थे, उनके साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की।
इस घटना पर अभिजीत दिपके सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट को साझा करते हुए लिखा कि आशुतोष पर बीजेपी के गुडों ने राजस्थान में हमला किया है। राजस्थान पुलिस ने ऐसा करने दिया है।