Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल का दौरा कर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं - सीएम धामी
उन्होंने कहा कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान सीएम धामी ने मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया। उन्होंने छात्रों से उनके अनुभव और सुझाव जाने और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्रों ने भी कॉलेज में मिल रही सुविधाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से मेडिकल कॉलेज में 50 MBBS सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पिथौरागढ़ और सीमांत क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
Also read: उत्तराखंड में अगले साल मई के पहले सप्ताह में होगी 100 माइल्स हिमालयन अल्ट्रा रन, माणा पास से औली तक दौड़ेंगे धावक
सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी -सीएम धामी
मेडिकल कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी। लोगों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर भी मिलेंगे। जो छात्र पहले मेडिकल की पढ़ाई के लिए बाहर जाते थे, उन्हें अब अपने ही जिले में मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि पहाड़ के आखिरी गांव तक अच्छी स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल और विधायक फकीर राम टम्टा भी मौजूद रहे।