Bankipur Bypoll: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर मतदान के बीच जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बीजेपी और बिहार पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले उनके कई समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। किशोर का आरोप है कि यह कार्रवाई बीजेपी के इशारे पर की गई क्योंकि पार्टी को उपचुनाव हारने का डर है। प्रशांत किशोर पहली बार किसी चुनाव में उम्मीदवार के रूप में बांकीपुर सीट से मैदान में उतरे हैं। यह उपचुनाव बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद विधानसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने के कारण हो रहा है।
पुलिस के पास जवाब नहीं- प्रशांत किशोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि उनके 16 से ज्यादा समर्थकों को पुलिस ने उठाया है, लेकिन यह तक नहीं बताया जा रहा कि उन्हें किस मामले में हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि समर्थकों को जक्कनपुर थाने में रखा गया है, लेकिन वहां पहुंचने पर बताया गया कि उन्हें अलग-अलग थानों में भेज दिया गया है।
प्रशांत किशोर ने लगाया आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय थाना प्रभारी (SHO) भी यह स्वीकार नहीं कर रहे कि हिरासत की कार्रवाई उनके थाने ने की है। किशोर का कहना है कि यह सब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर किया गया है। जन सुराज प्रमुख ने कहा कि कानून के मुताबिक पुलिस किसी व्यक्ति को 24 घंटे तक बिना मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए हिरासत में रख सकती है। उनका आरोप है कि इसी नियम का फायदा उठाकर उनके समर्थकों को मतदान खत्म होने तक थानों में रोके रखने की योजना बनाई गई है, ताकि चुनाव प्रभावित हो सके।
बिहार पुलिस की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई
प्रशांत किशोर ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी को अपनी हार का अंदेशा है। उन्होंने कहा कि एनडीए ने चुनाव प्रचार में अपने लगभग सभी 201 विधायकों को लगाया, लेकिन इसके बावजूद पार्टी को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि बीजेपी ने एक फर्जी वीडियो वायरल कराया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बीजेपी उम्मीदवार के लिए वोट मांगते हुए दिखाया गया। हालांकि, प्रशांत किशोर के इन आरोपों पर बिहार पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
26 उम्मीदवार मैदान में उतरे
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में कुल 26 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के बीच माना जा रहा है। सुबह 9 बजे तक इस सीट पर 4.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह सीट 1995 से बीजेपी के कब्जे में रही है, इसलिए इस उपचुनाव पर पूरे बिहार की नजरें टिकी हुई हैं।
Also read: बिहार के बख्तियारपुर में पूर्व मुख्यमंत्री के घर के पास दो युवकों को मारी गोली, इलाके में दहशत