Rahul Gandhi vs PM Modi: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल गांधी ने कहा कि उनकी चुनौती अब भी कायम है और प्रधानमंत्री को उनसे इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए कि देश विरोधी कौन है और विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है। उन्होंने यह चुनौती प्रधानमंत्री के उस बयान के बाद दोहराई, जिसमें मोदी ने नक्सलवाद के खतरे के साथ-साथ 'दिमागी नक्सलियों' को लेकर भी चिंता जताई थी।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर CRPF जवानों को संबोधित करते हुए लिखा कि उनके चेहरे के हाव-भाव सब कुछ बयां कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि जवान प्रधानमंत्री की बातों पर विश्वास नहीं कर रहे थे। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें 'नक्सल' कहा।
कांग्रेस नेता ने पोस्ट में लिखा, "आपके चेहरे सब कुछ कह रहे थे: आपने PM के झूठ पर यकीन नहीं किया। उन्होंने हमें नक्सल कहा। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बहस की चुनौती दोहराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को उनसे आमने-सामने चर्चा करनी चाहिए कि देश विरोधी कौन है और विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है। राहुल ने कहा कि यह बहस कभी भी और कहीं भी हो सकती है। उन्होंने आगे दावा किया कि बहस के बाद प्रधानमंत्री दोबारा किसी जवान के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं कर पाएंगे। यह राहुल गांधी का राजनीतिक दावा है।