DDA Flat Auction 2026: दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने द्वारका में 39 किफायती EWS फ्लैट ई-नीलामी के लिए रखे हैं। इन फ्लैटों की शुरुआती कीमत करीब 31.28 लाख रुपये तय की गई है। ये फ्लैट DDA Golf View Condos के ब्लॉक M, पॉकेट NA, सेक्टर 19B, द्वारका में स्थित हैं। इन फ्लैटों की ई-नीलामी 24 और 25 अगस्त 2026 को दो अलग-अलग सेशन में होगी। पहला सेशन सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सेशन दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। नीलामी में भाग लेने की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
आखिरी मिनट की बोली पर बढ़ेगा समय
DDA ने ई-नीलामी में आखिरी समय पर बोली लगाने से बचने के लिए ऑटोमैटिक एक्सटेंशन की व्यवस्था की है। अगर निर्धारित समय खत्म होने से पांच मिनट पहले कोई बोलीदाता नई और ज्यादा बोली लगाता है, तो नीलामी का समय अपने आप पांच मिनट बढ़ जाएगा। यह प्रक्रिया अधिकतम 20 बार तक हो सकती है। यानी एक घंटे की नीलामी जरूरत पड़ने पर अधिकतम 2 घंटे 40 मिनट तक चल सकती है। ऐसे में सुबह का सेशन अधिकतम दोपहर 1:40 बजे और दोपहर का सेशन शाम 5:40 बजे तक चल सकता है।
कौन ले सकता है हिस्सा?
इस ई-नीलामी में Golf View Condos के HIG, Super HIG और Penthouse फ्लैट के पात्र मालिक ही हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए आवेदकों को 12 अगस्त 2026 तक अर्नेस्ट मनी जमा करनी थी और 14 अगस्त को शाम 6 बजे तक अंतिम आवेदन जमा करना जरूरी था। DDA के अनुसार, कुल 39 फ्लैट उपलब्ध हैं। प्रत्येक पात्र आवेदक को इस योजना के तहत सिर्फ एक फ्लैट आवंटित किया जाएगा। हालांकि, कोई आवेदक एक से ज्यादा फ्लैट के लिए आवेदन कर सकता है, लेकिन अंत में केवल एक ही फ्लैट मिलेगा।
31.28 लाख रुपये है बेस प्राइस
DDA ने सभी 39 फ्लैटों के लिए समान शुरुआती कीमत तय की है। प्रत्येक फ्लैट का बेस प्राइस 31,28,612 रुपये यानी करीब 31.28 लाख रुपये है। इस कीमत में लागू मेंटेनेंस चार्ज भी शामिल है, जिसे अलग से नहीं लिया जाएगा। हालांकि, कन्वर्जन चार्ज, पानी का कनेक्शन और अन्य शुल्क नियमों के अनुसार अलग से देने होंगे। सभी फ्लैटों का प्लिंथ एरिया 50.043 वर्ग मीटर है। ये फ्लैट पहली से 13वीं मंजिल तक अलग-अलग फ्लोर पर उपलब्ध हैं। योजना में SC, ST और दिव्यांगजनों समेत विभिन्न आरक्षित वर्गों के लिए भी फ्लैट निर्धारित किए गए हैं।
Also read: चीनी हुई कड़वी...प्याज और तेल की कीमतों में लगी आग, अचानक क्यों खाने-पीने की चीजें हो रही मंहगी