OnePlus ने भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन OnePlus N6 Lite लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी की N सीरीज का तीसरा स्मार्टफोन है, जो OnePlus N6 और N6x के बाद बाजार में आया है। खास बात यह है कि N6 Lite अब तक का सबसे सस्ता OnePlus स्मार्टफोन है। कंपनी ने इसे 16,999 रुपये की शुरुआती कीमत में पेश किया है। फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh की बड़ी बैटरी है।
सिर्फ एक वेरिएंट में आया फोन
OnePlus N6 Lite को भारत में 4GB RAM और 64GB स्टोरेज वाले एक ही वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। इसकी कीमत 16,999 रुपये रखी गई है। फोन की बिक्री Amazon India, OnePlus.in, OnePlus Store App, OnePlus Experience Stores और चुनिंदा रिटेल स्टोर्स से शुरू हो गई है। यह स्मार्टफोन Midnight Hype और Neo Green कलर ऑप्शन में उपलब्ध है। कंपनी का लक्ष्य इस फोन के जरिए बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में अपनी पकड़ और मजबूत करना है।
7,000mAh बैटरी सबसे बड़ा आकर्षण
OnePlus N6 Lite की सबसे खास बात इसकी 7,000mAh बैटरी है। कंपनी के मुताबिक, यह बैटरी एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक चल सकती है। फोन से करीब 26.8 घंटे तक वीडियो प्लेबैक, 29.9 घंटे तक Google Maps नेविगेशन और 49.7 घंटे तक फोन कॉलिंग की जा सकती है। कंपनी का दावा है कि बैटरी छह साल बाद भी 80 प्रतिशत से ज्यादा हेल्थ बनाए रख सकती है। इसमें 15W वायर्ड चार्जिंग के साथ रिवर्स चार्जिंग का फीचर भी दिया गया है।
120Hz डिस्प्ले और मजबूत बॉडी
फोन में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 1570×720 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। इसकी पीक ब्राइटनेस 900 निट्स तक है। डिस्प्ले में Aqua Touch फीचर भी है, जो स्क्रीन पर पानी, नमी या तेल होने पर भी टच रिस्पॉन्स को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। फोन का वजन 215 ग्राम और मोटाई 8.95mm है। इसे IP64 रेटिंग और MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड ड्यूरेबिलिटी सर्टिफिकेशन मिला है।
50MP मोड और AI फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए फोन में 13MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। मुख्य कैमरे में High-Res मोड के जरिए 50MP तक की तस्वीरें लेने का विकल्प मिलता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें UNISOC T7250 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 8GB तक वर्चुअल RAM और microSD कार्ड के जरिए 2TB तक स्टोरेज बढ़ाने की सुविधा है। इसमें AI Clear Face, AI Eraser और Google Gemini जैसे AI फीचर्स भी मिलते हैं।
साथ ही 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया गया है। कुल मिलाकर, OnePlus N6 Lite उन यूजर्स को ध्यान में रखकर पेश किया गया है जिन्हें कम कीमत में बड़ी बैटरी, मजबूत बॉडी और रोजमर्रा के काम के लिए जरूरी फीचर्स चाहिए। वहीं, ज्यादा गेमिंग परफॉर्मेंस या बेहतर कैमरा चाहने वाले यूजर्स को दूसरे विकल्पों पर भी ध्यान देना पड़ सकता है।
Also read: Tata की नई सेडान मचाएगी हलचल! Tigor की जगह आ सकती है Aeris, फीचर्स से इंजन तक जानें पूरी जानकारी