ODI World Cup: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) 2027 वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत महात्मा गांधी की जयंती यानी 2 अक्टूबर से करने पर विचार कर रहा है। अगर यह योजना तय होती है, तो क्रिकेट के इस बड़े टूर्नामेंट की शुरुआत गांधी जयंती के दिन होगी। महात्मा गांधी का दक्षिण अफ्रीका से भी गहरा संबंध रहा है, जहां उन्होंने करीब 21 साल बिताए थे।
गांधी के विचारों को खास सम्मान
एक रिपोर्ट के मुताबिक, ICC महात्मा गांधी को एक खास संदेश के साथ श्रद्धांजलि देना चाहता है। गांधी सत्य, शांति और अहिंसा के विचारों के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। ऐसे समय में जब दुनिया के कई हिस्सों में तनाव और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, उनके विचारों को क्रिकेट जैसे वैश्विक खेल से जोड़ना एक खास संदेश माना जा रहा है।
पहले 8 अक्टूबर से शुरू होने की थी चर्चा
इससे पहले खबरें थीं कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप 8 अक्टूबर से शुरू हो सकता है। टूर्नामेंट से पहले अक्टूबर के शुरुआती दिनों में अभ्यास मैच कराए जाने की योजना थी। हालांकि अब कार्यक्रम में बदलाव की संभावना सामने आई है। नई योजना के अनुसार टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से शुरू हो सकता है और इसका फाइनल 21 नवंबर 2027 को खेला जा सकता है।
14 टीमें लेंगी हिस्सा
2027 का वनडे वर्ल्ड कप कुल 14 टीमों के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे। मुकाबले इन तीनों देशों के कुल 12 मैदानों पर खेले जाने की योजना है।
इन मैदानों पर होंगे मुकाबले
दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग का वांडरर्स स्टेडियम, सेंचुरियन, केपटाउन का न्यूलैंड्स, डरबन का किंग्समीड, गक्बेरहा का सेंट जॉर्ज पार्क, ब्लूमफोंटेन का मंगाउंग ओवल, पार्ल का बोलैंड पार्क और बफेलो पार्क शामिल हैं। जिम्बाब्वे में हरारे स्पोर्ट्स क्लब, बुलावायो का क्वींस स्पोर्ट्स क्लब और विक्टोरिया फॉल्स का मोसी-ओआ-तुन्या इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम प्रस्तावित हैं। नामीबिया में विंडहोक का नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड 12वां मैदान होगा। अगर 2 अक्टूबर से टूर्नामेंट शुरू करने की योजना पर मुहर लगती है, तो गांधी जयंती और विश्व क्रिकेट का यह मेल 2027 वर्ल्ड कप को और खास बना देगा।
Also read: INDvsSL Test: गॉल टेस्ट में एक रनआउट के बाद ड्रामा, कन्फ्यूजन का शिकार हो गए यशस्वी जायसवाल!