
New York Mayor Election: जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क सिटी ने अपना मेयर चुना है। 34 साल के ममदानी न सिर्फ मुस्लिम और सबसे युवा मेयर बने, बल्कि 1892 के बाद पहली बार किसी डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट उम्मीदवार को ये पद मिला है। ये जीत न्यूयॉर्क की बदलती राजनीतिक सोच और सामाजिक विविधता का प्रतीक मानी जा रही है। उनकी जीत को पारंपरिक राजनीति के खिलाफ जनसमर्थन और आम लोगों के मुद्दों पर आधारित एक नए युग की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, जहां महंगाई, घरों का किराया और समानता जैसे मुद्दे उठते आ रहे हैं।
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में जोहरान ममदानी ने पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूओमो को हराकर अपनी जीत दर्ज की है। 97 प्रतिशत वोटों की गिनती के बाद ममदानी को कुल 10.3 लाख से ज्यादा वोट मिले हैं, जो बाकी दो उम्मीदवारों क्यूओमो और रिपब्लिकन के वोटों से भी ज्यादा है।
न्यूयॉर्क में धार्मिक विविधता
न्यूयॉर्क सिटी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विविधता के लिए जानी जाती है। यहां पर ईसाई, मुस्लिम, यहूदी, बौद्ध, हिंदू और कई अन्य समुदाय रहते हैं। यहां करीब 48 प्रतिशत लोग ईसाई हैं, जिनमें सबसे ज़्यादा कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट हैं। यहूदी समुदाय करीब 11 प्रतिशत हैं, मुस्लिम आबादी लगभग 9 प्रतिशत बताई जाती है। हिंदू और बौद्ध समुदाय प्रत्येक करीब 2 प्रतिशत हैं। वहीं, लगभग 25 प्रतिशत लोग किसी धर्म से नहीं जुड़ते या खुद को नास्तिक बताते हैं। यहां धार्मिक समूहों के लिए कोई आधिकारिक डेटा मौजूद नहीं है।
शहर गढ़ रहा डेमोक्रेटिक पार्टी
शहर में मुस्लिम आबादी भले ही कम हो, लेकिन क्वींस जैसे इलाकों में उनकी सक्रिय भागीदारी है। राजनीतिक रूप से ये शहर डेमोक्रेटिक पार्टी का गढ़ है, लगभग 70 से 75 प्रतिशत वोटर डेमोक्रेट्स को समर्थन देते हैं। वहीं, रिपब्लिकन की हिस्सेदारी 20 से 25 प्रतिशत के बीच है।
मुस्लिम वोटर हुए एक्टिव
अमेरिकन-इस्लामिक रिलेशन काउंसिल (CAIR) के अनुमान, न्यूयॉर्क सिटी में लगभग 10 लाख मुस्लिमों में से लगभग 3.5 लाख लोग वोटर लिस्ट में शामिल हैं। हालांकि, 2021 के मेयर चुनाव में इनमें से सिर्फ करीब 12 प्रतिशत ने वोट डाला था, लेकिन अब ये तस्वीर बदल रही है। मुस्लिम और दक्षिण एशियाई समुदाय के लोगों की वोटिंग में काफी बढ़ोतरी देखी गई। बताया जाता है कि, 2025 की मेयर प्राइमरी में 2021 की तुलना में उनकी वोटिंग लगभग 60 प्रतिशत ज्यादा रही।
Leave a comment