Sunita Ahuja Divorce Withdraws: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से खबरें सामने आ रही थीं। दोनों के बीच अनबन और तलाक की चर्चाओं ने पिछले साल से खूब सुर्खियां बटोरीं। अब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने पुष्टि की है कि सुनीता आहूजा ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक का केस वापस ले लिया है। सुनीता को मुंबई के बांद्रा कोर्ट में भी देखा गया। हालांकि, वह कोर्ट क्यों पहुंची थीं, इसकी वजह सामने नहीं आई है। शशि सिन्हा ने कहा कि इस पूरे मामले को मीडिया में जिस तरह उछाला गया, उससे उन्हें काफी दुख हुआ है।
मैनेजर ने कहा- परिवार की बात घर में रहनी चाहिए
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने कहा कि पति-पत्नी के बीच लड़ाई होना सामान्य बात है और कई बार बातचीत से समस्याएं हल हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि जब मामला कोर्ट तक पहुंचता है तो पूरी दुनिया को इसकी जानकारी हो जाती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर केस वापस लेना था तो उसे पहले दायर करने की जरूरत ही क्यों पड़ी। उनका कहना था कि परिवार की निजी बातों को परिवार तक ही रखना बेहतर होता है। शशि सिन्हा ने यह भी बताया कि फिलहाल गोविंदा की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गोविंदा, सुनीता और उनके बच्चों समेत परिवार के सभी लोग समझदारी से फैसला लेंगे।
पिछले साल से चल रही थीं तलाक की खबरें
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में परेशानी की खबरें पिछले साल फरवरी से सामने आने लगी थीं। इसके बाद सुनीता ने कुछ इंटरव्यू में अपने रिश्ते को लेकर कई निजी बातें साझा की थीं। उस समय ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई थी कि सुनीता ने अलग होने का नोटिस भेजा था। हालांकि, बाद में दोनों को साथ देखा गया। गणेश चतुर्थी के दौरान दोनों ने मीडिया के सामने साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं। उस समय सुनीता ने कहा था कि कोई भी उन्हें एक-दूसरे से अलग नहीं कर सकता।
सुनीता के आरोपों से फिर गरमाया मामला
हाल ही में सुनीता ने गोविंदा की फिल्म की को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार को लेकर अभिनेता पर गंभीर आरोप लगाए और गोविंदा को ‘शुगर डैडी’ तक कहा। इसके बाद गोविंदा ने भी इन आरोपों पर जवाब दिया। गोविंदा ने कहा कि जब वह अपना काम शुरू कर रहे हैं, तो उन पर ऐसे आरोप लगाकर उनकी छवि और काम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। गोविंदा और सुनीता ने मार्च 1987 में शादी की थी। उनकी बेटी टीना का जन्म 1988 में और बेटे यशवर्धन का जन्म 1997 में हुआ। फिलहाल तलाक का केस वापस लिए जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Also read: इमरान हाशमी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग बनी 'Awarapan 2', पत्नी परवीन हुई इमोशनल; बोली - यहां तक पहुंचने में 23 साल लग गए...