NEET UG 2026: देशभर में आज 21 जून को NEET UG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और राज्य सरकारों ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा से पहले सभी राज्यों में 20 जून को मॉक ड्रिल आयोजित की गई, ताकि परीक्षा केंद्रों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। केंद्र और राज्य प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है।
मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें एनटीए, राज्य सरकारों और जिला प्रशासन की तैयारियों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने छात्रों से बिना किसी डर और तनाव के परीक्षा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होना चाहिए और सभी को परीक्षा प्रक्रिया पर विश्वास बनाए रखना चाहिए।
5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए
इस बार भारत के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा विदेशों में भी 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में होगी। एनटीए के अनुसार परीक्षा के लिए देशभर में 95 हजार से अधिक कमरों का उपयोग किया जाएगा। निगरानी के लिए 1,38,560 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल रोकने के लिए 51,311 जैमर तैनात किए गए हैं। इनमें 17,054 जैमर ईसीआईएल और 34,257 जैमर बीईएल द्वारा उपलब्ध कराए गए हैं।
सुरक्षाकर्मी भी तैनात
अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 38,798 फ्रिस्किंग कर्मी और 48,448 बायोमेट्रिक सत्यापन कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा हर केंद्र पर अतिरिक्त परीक्षा कर्मियों और तकनीकी सहायता के लिए सेंटर सिस्टम ऑफिसर की नियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं।
एनटीए ने दी सलाह
एनटीए ने छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे और देर से आने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों को अपने साथ प्रिंटेड एडमिट कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे वैध पहचान पत्र ले जाने होंगे। पारदर्शी पानी की बोतल और पारदर्शी पाउच ले जाने की भी अनुमति दी गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी।
Also read: Success Story : बिना हाथों के जन्मी माऊली आडूकर बनी BMC में ऑफिसर, पैरों से करती हैं काम