NEET Protest: NEET पेपर लीक के विरोध-प्रदर्शनों को लेकर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार खाने-पीने की चीजों की सप्लाई, मेट्रो, सड़कों और दुकानों को तो बंद कर सकती है, लेकिन पेपर लीक को नहीं रोक सकती।
सोशल मीडिया पर X पर एक पोस्ट को साझा करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने अपने हक की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ "क्रूर" कदम उठाए हैं। उन्होंने लिखा, "मेट्रो बंद कर दो। सड़कें ब्लॉक कर दो। दुकानें बंद कर दो। इंटरनेट काट दो। खाने-पीने की सप्लाई रोक दो। सरकार ने अपने हक की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ ये क्रूर कदम उठाए। मोदी जी, आप सब कुछ बंद कर सकते हैं - सिवाय एक चीज़ के पेपर लीक।
इससे पहले, राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी में 20 जुलाई को हुए छात्र विरोध-प्रदर्शनों के दौरान केंद्र और दिल्ली पुलिस की "बर्बरता" की कड़ी आलोचना की थी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में, अपने हक के लिए विरोध करने वाले बच्चों को "इंसाफ" के बजाय "पैलेट" (छर्रे) मिलते हैं। X पर एक और पोस्ट में, राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर किया जिसमें एक युवा दिख रहा है। बताया जा रहा है कि सोमवार को पेपर लीक के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने उसे घायल कर दिया था।
पोस्ट में लिखा था कि साहिल हाथ में तिरंगा लिए खड़ा था और बस एक साफ़-सुथरी, निष्पक्ष परीक्षा और अपनी मेहनत का फल मांग रहा था। पुलिस ने बंदूक उठाई और पैलेट (छर्रे) चलाकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। यह अंग्रेजों का अत्याचार नहीं है। यह आज़ाद भारत में मोदी सरकार की बर्बरता है। जहां अपने हक़ की मांग करने वाले बेगुनाह छात्रों को न्याय के बजाय पैलेट मिलते हैं।