IND vs NZ:भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद न्यूजीलैंड में भी टेस्ट शतक लगाने वाले राहुल पहले भारतीय ओपनर बन गए हैं। उनकी इस यादगार पारी के पीछे जहां धैर्य और तकनीक का योगदान रहा, वहीं न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स की एक सलाह भी अहम साबित हुई। शतक लगाने के बाद राहुल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह मैच के बाद फिलिप्स को ड्रिंक्स पिलाएंगे।
बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय पारी की शुरुआत में ही राहुल मुश्किल में पड़ गए थे। वह उस समय सिर्फ 5 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी की गेंद पर उनके खिलाफ LBW की अपील हुई। हालांकि, अंपायर कुमार धर्मसेना ने अपील ठुकरा दी।
इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने कप्तान टॉम लैथम पर DRS लेने का दबाव बनाया। लेकिन ग्लेन फिलिप्स की राय इससे अलग थी। उनका मानना था कि गेंद राहुल के बल्ले से लगी है। आखिरकार उनकी सलाह मानते हुए लैथम ने रिव्यू नहीं लिया।
DRS लिया जाता तो आउट हो सकते थे राहुल
बाद में रिप्ले में साफ हुआ कि अगर न्यूजीलैंड की टीम DRS लेती तो राहुल आउट हो सकते थे। इस तरह फिलिप्स की सलाह ने भारतीय बल्लेबाज को एक बड़ा जीवनदान दे दिया। राहुल ने इसके बाद अपनी पारी को संभाला और न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई और मौका नहीं दिया। दूसरे दिन अर्धशतक पूरा करने वाले राहुल ने तीसरे दिन इसे शानदार शतक में बदल दिया। वह 136 रन की यादगार पारी खेलकर आउट हुए।
राहुल बोले- फिलिप्स और लैथम को पिलाऊंगा ड्रिंक्स
तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत में राहुल से ग्लेन फिलिप्स की उस सलाह के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "मैच के बाद मैं उनके (ग्लेन फिलिप्स) लिए कुछ ड्रिंक्स लूंगा। और हां, टॉम को भी, क्योंकि फैसला तो उन्हें ही लेना था। राहुल ने आगे बताया कि DRS लेने के लिए निर्धारित 15 सेकंड उनके जीवन के सबसे धीमे 15 सेकंड में से थे। वह उम्मीद कर रहे थे कि न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ग्लेन फिलिप्स की बात मान लें, क्योंकि वह लगातार कह रहे थे कि गेंद राहुल के बल्ले से लगी है।
राहुल की इस पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि क्रिकेट मैदान पर एक दिलचस्प किस्सा भी बना दिया। जिस खिलाड़ी की सलाह से उन्हें जीवनदान मिला, शतक के बाद उसी के लिए ड्रिंक्स लेने की बात कहकर राहुल ने खेल भावना और अपने मजाकिया अंदाज की झलक दिखाई।
Also read: बुमराह की आग के आगे भी नहीं झुके कीवी!, निकल्स-फिलिप्स ने जमाया कब्जा, Day 1 पर NZ मजबूत