April 14 Weather Forecast: अप्रैल के मध्य में ही उत्तर भारत से लेकर पश्चिमी राज्यों तक उमस और गर्मी का कहर शुरू हो गया है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात समेत कई इलाकों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में लू जैसे हालात की चेतावनी जारी की है, जबकि दिल्ली में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि अप्रैल में कुछ इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश या बादल राहत दे सकते हैं, लेकिन कुल मिलाकर गर्मी का रुख बढ़ता जा रहा है।
दिल्ली में बढ़ रहा है पारा
IMD के मुताबिक, दिल्ली-NCR में अभी तापमान 35-37 डिग्री के आसपास है, लेकिन अगले कुछ दिनों में इसमें तेजी से बढ़ोतरी होने वाली है। 15 अप्रैल के आसपास दिल्ली में पहली बार इस सीजन 40 डिग्री का आंकड़ा पार हो सकता है, जबकि सप्ताहांत तक 41-42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। साफ आसमान और पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से गर्मी बढ़ रही है। दोपहर के समय लू जैसी स्थिति बन सकती है, हालांकि अभी पूर्ण लू की घोषणा नहीं हुई है।
Also read: Asha Bhosle Funeral:आशा भोसले को दी गई अंतिम विदाई, पंचतत्व में हुईं विलीन; बेटे आनंद ने दी मुखाग्रि
इन राज्यों में लू की चेतावनी
दूसरी तरफ, हरियाणा और पंजाब में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। यहां अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। खासकर दोपहर में गर्म हवाएं चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे आगरा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी तापमान बढ़ने के साथ लू जैसी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। बिहार में मध्य अप्रैल से लू की चेतावनी पहले ही जारी की जा चुकी है, जहां दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से ऊपर रहने की आशंका है।
तो वहीं, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में IMD ने लू की चेतावनी दी है। यहां गर्म और उमस भरी स्थिति बनी हुई है, जिससे तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी अलग-अलग जगहों पर लू जैसे हालात बन सकते हैं। केंद्रीय और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में तो तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, हालांकि उत्तर-पश्चिम में अभी यह स्तर नहीं पहुंचा है।