Uttarakhand Kajal Saini SDM: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा 1 जून 2026 को जारी उत्तराखंड संयुक्त राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (Upper PCS) 2024 परीक्षा में हरिद्वार जिले की काजल सैनी ने शानदार सफलता हासिल की है। झबरेड़ा क्षेत्र के सुढौली (सड़ौली) गांव की निवासी काजल का चयन डिप्टी कलेक्टर (SDM) पद पर हुआ है। यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
Also read: अनुराग रावत ने "नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन" में दिखाई अदम्य इच्छाशक्ति, पूरी की 10 किलोमीटर की दौड़
कौन हैं काजल सैनी?
काजल ने 12वीं तक की पढ़ाई लंढौरा के राजीव गांधी नवोदय विद्यालय से की। इसके बाद गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीएएमएस की डिग्री हासिल की। बचपन से ही काजल ने एसडीएम बनने का सपना देखा। बीएएमएस के बाद उन्हें लगा कि उनका रुझान आयुर्वेद से ज्यादा प्रशासनिक क्षेत्र की ओर है।
उन्होंने पहले यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। 2021 में पीसीएस और लोअर पीसीएस की कोशिशें भी नाकाम रहीं। हार न मानते हुए उन्होंने अक्टूबर 2025 में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा पास की और वर्तमान में सचिवालय में इसी पद पर कार्यरत हैं। अब Upper PCS 2024 में सफलता मिलने पर उनका सपना साकार हो गया है।
काजल सैनी ने अपनी सफलता का सारा श्रेय अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया 'मम्मी-पापा ने हमेशा कहा कि शादी बाद में होगी, पहले पढ़ाई पूरी कर लो। बेटी होने के नाते उन्होंने कभी पढ़ाई में बाधा नहीं डाली, बल्कि पूरे समर्थन के साथ खड़े रहे।' बता दें, उनके पिता रामकुमार किसान हैं और मां राजदुलारी गृहिणी। छोटा भाई गुरमीत वर्तमान में डीएलएड कर रहा है।